Bollywood Movie: सदी के महानायक के रूप में मशहूर अभिनेता अमिताभ बच्चन अपनी शानदार अदाकारी के लिए पहचाने जाते हैं. ‘शहंशाह’, ‘मर्द’ और ‘बागवान’ जैसी तमाम फिल्मों से उन्होंने दर्शकों के बीच खास जगह बनाई है. हालांकि, उनके जीवन में भी कई ऐसी फिल्में रही हैं, जो बॉक्स ऑफिस पर फ्लाप रहीं. एक फिल्म तो ऐसी है, जिसमें कई दिग्गज सितारे मौजूद थे. उसके बाद भी वह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर धराशाई हो गई. जानिए फिल्म के बारे में.
कौन सी है वो फिल्म?
साल 2002 में ‘हम किसी से कम नहीं’ फिल्म रिलीज हुई थी. इस फिल्म में मल्टीस्टारर मौजूद थे. इस कड़ी में अमिताभ बच्चन, ऐश्वर्या राय बच्चन, अजय देवगन और संजय दत्त जैसे बड़े सितारे शामिल थे. इतनी दमदार स्टारकास्ट होने के बावजूद यह फिल्म दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने में सफल नहीं हो सकी.
कितना किया था कलेक्शन?
डेविड धवन के निर्देशन में बनी इस फिल्म को 18 करोड़ रुपये में निर्मित किया गया था. वहीं इसने बॉक्स ऑफिस पर 28 करोड़ रुपये के आसपास का कलेक्शन किया था. मल्टी स्टारर फिल्म के बावजूद इस कलेक्शन ने मेकर्स को झकझोर कर रख दिया था, क्योंकि इसे निर्माताओं को बहुत उम्मीदें थीं. नतीजतन, इसे फ्लॉप माना गया और फिल्म से जुड़े कलाकारों के लिए भी यह निराशाजनक साबित हुई. आपको बता दें कि क्रिटिक्स ने भी फिल्म की ज्यादा सराहना नहीं की थी.
क्या है फिल्म की कहानी?
मुंबई पुलिस की हिटलिस्ट में शामिल अंडरवर्ल्ड डॉन मुन्नाभाई (संजय दत्त) को कोमल (ऐश्वर्या राय बच्चन) से पहली नजर में प्यार हो जाता है. मुन्ना कोमल को भुला नहीं पाता और डॉ. रस्तोगी (अमिताभ बच्चन) की मदद लेता है. यह जाने बिना कि कोमल उसकी बहन है।. मुन्ना अक्सर रस्तोगी से मिलने जाता है, जिससे वह तंग आ जाता है और छुट्टी मनाने की योजना बनाता है. वह अपने दोस्त के बेटे से कोमल की शादी भी तय कर देता है. लेकिन कोमल राजा (अजय देवगन) से प्यार करती है और उसने यह बात अपने भाई से छुपा रखी है. राजा मुन्ना की जान उसके दुश्मनों से बचाता है और वादा करता है कि वह हमेशा उसकी मदद करेगा. बैंकॉक में रस्तोगी को पता चलता है कि मुन्ना और राजा दोनों कोमल से प्यार करते हैं, जिसे वह बर्दाश्त नहीं करता. लेकिन हालात तब और बिगड़ जाते हैं जब मुन्ना और राजा, जो दोस्त बन चुके थे. उनको पता चलता है कि वे दोनों एक ही लड़की से प्यार करते हैं और उनके बीच जंग छिड़ जाती है.