41
Imran Khan Comeback: बॉलीवुड एक्ट्रेस भूमि पेडनेकर ने हाल ही में अपनी जिंदगी से जुड़ी कुछ खास बातें बताई है. भूमि ने अब अपना नाम बदलकर ‘भूमि सतीश पेडनेकर’ रख लिया है. उन्होंने अपने नाम के साथ ‘सतीश’ इसलिए जोड़ा है क्योंकि यह उनके स्वर्गीय पिता का नाम है. भूमि ने बताया कि उनके पिता का निधन 2011 में हुआ था, लेकिन उस समय काम की वजह से वह अपने पिता को खोने के गम को सही से समझ नहीं पाई थीं. अब अपने नाम में पिता का नाम जोड़कर वह उन्हें सम्मान देना चाहती है.
नाम बदलने के अलावा, भूमि ने एक्टर इमरान खान के साथ काम करने के अनुभव को भी बहुत खास बताया है. इमरान खान लंबे समय बाद फिल्म ‘अधूरे हम अधूरे तुम’ से वापसी कर रहे है. भूमि ने हंसते हुए बताया कि बचपन से ही उन्हें इमरान खान बहुत पसंद थे और उन पर उनका बड़ा ‘क्रश’ था. उनके साथ काम करना भूमि के लिए एक सुकून भरे अनुभव जैसा था. भूमि ने कहा कि इमरान की अच्छी बातों और साथ ने उनके मन को बहुत शांति दी है.
इमरान खान पूरे 10 साल के लंबे ब्रेक के बाद फिर से फिल्मों में लौट रहे है. उन्हें आखिरी बार 2015 में फिल्म ‘कट्टी बट्टी’ में देखा गया था. अब उनकी नई फिल्म ‘अधूरे हम अधूरे तुम’ जल्द ही नेटफ्लिक्स पर आने वाली है. इस फिल्म को उनके दोस्त दानिश असलम बना रहे है. यह फिल्म काफी हद तक इमरान की पुरानी फिल्म ‘ब्रेक के बाद’ जैसी ही एक मॉडर्न लव स्टोरी है. इमरान का मानना है कि इस फिल्म की कहानी उनके अपने जीवन के अनुभवों, जैसे शादी और रिश्तों के उतार-चढ़ाव से काफी मिलती-जुलती है.
इमरान ने बताया कि इस फिल्म में काम करना उनके लिए बहुत यादगार रहा क्योंकि पिछले कुछ सालों में उन्होंने अपनी मानसिक शांति और खुद को बेहतर बनाने पर बहुत काम किया है. फिल्म की शूटिंग खत्म हो चुकी है और अब बस इसकी एडिटिंग का काम बाकी है. पहले खबर थी कि यह फिल्म फरवरी 2026 में आएगी, लेकिन अब इसकी रिलीज डेट को बढ़ाकर जुलाई या अगस्त 2026 कर दिया गया है. इमरान कहते है कि इस फिल्म के सेट पर उन्हें बहुत मजा आया और भूमि पेडनेकर जैसे कलाकारों के साथ काम करना उनके लिए बहुत सुकून भरा रहा है .
साथ ही, भूमि पेडनेकर पिछले 10 महीनों से फिल्मों से दूर थी और ब्रेक पर थी. इस दौरान उन्होंने अपना समय खुद को बेहतर बनाने और परिवार के साथ बिताया. अब वह एक नई पहचान और नई ऊर्जा के साथ फिर से फिल्मों में लौटने के लिए पूरी तरह तैयार है. वह कहती है कि अब उनके पिता का नाम हमेशा उनके साथ रहेगा.