हाल ही में नासिक के ज्योतिषाचार्य अशोक खरात अपनी घिनौनी हरकत की वजह से सुर्खियों में हैं. उनके कई अश्लील वीडियोज भी इंटरनेट पर वायरल हो रहे हैं. फर्जी बाबाओं पर बॉलीवुड में भी फिल्में और सीरीज बनती रही हैं, जो लोगों को सावधान करने का काम करती हैं. चलिए जानते हैं उन सीरीज और फिल्मों के नाम.
ओएमजी
साल 2012 में फिल्म ‘ओएमजी’ रिलीज हुई थी. अक्षय कुमार और परेश रावल अभिनीत इस कॉमेडी फिल्म ने अपने दिलचस्प कॉन्सेप्ट से दर्शकों का ध्यान खींचा, जिसमें परेश रावल के किरदार द्वारा भगवान पर मुकदमा किया जाता है. यह फिल्म फर्जी बाबाओं पर एक व्यंग्य है. फिल्म में मिथुन चक्रवर्ती ने लीलाधर महाराज की महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है, जो भगवान के नाम पर भोले-भाले लोगों को ठगता है.
ग्लोबल बाबा
मनोज तिवारी द्वारा निर्देशित फिल्म ‘ग्लोबल बाबा’ 2016 में रिलीज हुई थी. अभिमन्यु सिंह ने फिल्म में मुख्य भूमिका निभाई है. वह एक भगोड़े अपराधी का किरदार निभाते हैं, जो पुलिस से बचने के लिए धर्मगुरु बन जाता है. धर्मगुरु के रूप में उसकी लोकप्रियता इतनी बढ़ जाती है कि पुलिस और मंत्री भी उसके अनुयायी बन जाते हैं.
आश्रम
वेब सीरीज ‘आश्रम’ में बॉबी देओल ने बाबा निराला का किरदार निभाया है, जो एक ऐसे धर्मगुरु है, जिसका चरित्र ग्रे शेड वाला है. यह सीरीज बताती है कि कैसे फर्जी बाबा लोगों को गुमराह करते हैं और अपनी जाल में फंसाते हैं.
सिंघम रिटर्न्स
रोहित शेट्टी द्वारा निर्देशित यह एक्शन फिल्म 2014 में रिलीज हुई थी. फिल्म की कहानी फर्जी बाबाओं का पर्दाफाश करने पर आधारित थी. अभिनेता अमोल गुप्ते ने धूर्त और चालाक स्वामीजी की भूमिका निभाई है, जो अवैध हथियार और गोला-बारूद को भेजने के गिरोह में शामिल है और एक भ्रष्ट राजनीतिक दल के नेता से भी उसका संबंध है.
‘बुड्ढा मर गया’
राहुल रावल द्वारा निर्देशित हास्य फिल्म ‘बुड्ढा मर गया’ 2007 में रिलीज हुई थी. फिल्म में अनुपम खेर, ओम पुरी और परेश रावल ने अभिनय किया था. फिल्म में ओम पुरी ने एक लालची बाबा का किरदार निभाया था.