11
टीवी की दुनिया में दयाबेन के किरदार से चर्चित दिशा वकानी के पिता और अभिनेता भीम वकानी का निधन हो गया है. इसकी जानकारी ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ के निर्माता असित कुमार मोदी ने दी है. आपको बता दें कि उन्होंने ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ के कुछ एपिसोड में अभिनय किया था. इतना ही नहीं, उन्होंने बॉलीवुड के तीनों खान संग भी काम किया है.
निधन को लेकर क्या जानकारी आई सामने?
टीवी सीरियल TMKOC के निर्माता असित मोदी ने मनीकंट्रोल से बात करते हुए इस खबर की पुष्टि की. उन्होंने कहा, ‘उनकी तबीयत ठीक थी, लेकिन सुबह उनके परिवार से हमें पता चला कि उनका निधन हो गया है. भीम वकानी एक महान चित्रकार, अभिनेता और निर्देशक थे. उन्होंने ‘ लगान’ में भी काम किया था. उनकी बेटी दिशा वकानी की ‘दया बेन’ के रूप में सफलता में उनका बड़ा योगदान था. उन्होंने दिशा के करियर को संवारने में बहुत बड़ा योगदान दिया.’ हालांकि, आपको बता दें कि उनके निधन का सही कारण अभी तक नहीं पता चल पाया है.
कौन थे भीम वकानी?
भीम वकानी एक दिग्गज फिल्म और टेलीविजन अभिनेता थे, जिन्होंने कई दशकों तक हिंदी सिनेमा में सहायक भूमिकाओं से अपनी एक अलग पहचान बनाई. भीम वकानी ने बॉलीवुड में एक स्थिर करियर बनाया और अक्सर बड़ी फिल्मों में दमदार भूमिकाएं निभाईं. दिवंगत अभिनेता सलमान खान, आमिर खान और शाहरुख खान सहित कई सितारों के साथ ‘हम दिल दे चुके सनम’, ‘लगान’ और ‘देवदास’ जैसी फिल्मों में काम किया था. इतना ही नहीं, उन्होंने बॉलीवुड से परे गुजराती थिएटर और टीवी में एक जाना-पहचाना चेहरा थे.