Sujoy Ghosh Case Details: सुप्रीम कोर्ट ने फिल्म 'कहानी 2' के मामले में सुजॉय घोष के खिलाफ चल रहे कॉपीराइट उल्लंघन की कार्यवाही रद्द कर दी. कोर्ट ने फिल्ममेकर पर कई सालों से चल रहे इस मुकदमे से पूरी तरह राहत दे दी है. आखिर क्या है यह पूरा मामला? जानिए इस खबर में.. सुप्रीम कोर्ट ने रद्द किया केस फिल्म निर्माता सुजॉय घोष पर फिल्म 'कहानी 2' को लेकर कॉपीराइट उल्लंघन का आरोप लगा था. इस केस की सुनवाई करते हुए सुप्रीम कोर्ट से उन्हें बड़ी राहत मिली है. आज शुक्रवार यानी 20 मार्च को सर्वोच्च न्यायालय ने कॉपीराइट उल्लंघन मामले में फिल्म निर्माता के खिलाफ चल रही कार्यवाही को रद्द कर दिया. पीटीआई के अनुसार, पीठ ने सुजॉय घोष की याचिका स्वीकार करते हुए कहा, 'मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट द्वारा 7 जून, 2018 को जारी किया गया समन आदेश और उच्च न्यायालय द्वारा 22 अप्रैल, 2025 को जारी किया गया आदेश रद्द किए जाता है.' क्या है पूरा मामला? फिल्ममेकर सुजॉय घोष के खिलाफ शिकायत उमेश प्रसाद मेहता ने दर्ज कराई थी. मेहता का दावा किया कि उन्होंने 'सबक' नामक एक स्क्रिप्ट लिखी थी और कॉपीराइट संरक्षण प्राप्त करने के लिए हजारीबाग में एक नोटरी पब्लिक से इसे प्रमाणित करवाया था. शिकायत के अनुसार, मेहता ने घोष से मुलाकात की और एक सिफारिश पत्र प्राप्त किया, जो उनके अनुसार कॉपीराइट प्रक्रिया के लिए आवश्यक था. आरोप है कि सुजॉय घोष ने उमेश मेहता की स्क्रिप्ट की एक फोटोकॉपी अपने पास रखी और जानबूझकर कॉपीराइट का उल्लंघन करते हुए फिल्म 'कहानी 2' का निर्माण किया. फिल्म देखने के बाद शिकायतकर्ता ने केस किया. इस पूरे मामले की शुरुआत 2016 में फिल्म आने के बाद शुरू हुई. कौन हैं सुजॉय घोष? सुजॉय घोष भारतीय सिनेमा के एक्टर, डायरेक्टर, फिल्म निर्माता और पटकथा लेखक हैं. इन्होंने 'झंकार बीट्स' फिल्म से निर्देशन में डेब्यू किया था. इसके बाद उन्होंने साल 2012 में फिल्म 'कहानी' बनाई, जिसके लिए उन्हें खूब सराहना मिली. आपको बता दें कि सुजॉय घोष ने मैनचेस्टर यूनिवर्सिटी से इंजीनियरिंग और एमबीए की डिग्री हासिल की. फिल्मों में आने से पहले उन्होंने रॉयटर्स एजेंसी मीडिया प्रभारी का काम किया था.