इमैनुएल मैक्रोन: फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों और फर्स्ट लेडी ब्रिगिट मैक्रों भारत के राजनयिक दौरे पर आए हैं. वे मंगलवार को मुंबई पहुंचे और वहां बॉलीवुड सितारों से खास मुलाकात की. राष्ट्रपति ने अनिल कपूर, मनोज बाजपेयी, जोया अख्तर जैसे कलाकारों के साथ तस्वीरें साझा कीं और उन्हें ‘इंडियन सिनेमा के लेजेंड्स’ कहा.
प्रेसिडेंट मैक्रों ने बॉलीवुड सेलेब्रिटीज़ के साथ अपनी मीटिंग की कई तस्वीरें अपने इंस्टाग्राम पर पोस्ट कीं और लिखा ‘Aux côtés de légendes du cinéma indien. La culture nous rassemble’ जिसका मतलब है ‘भारतीय सिनेमा की महान हस्तियों के साथ. संस्कृति हमें जोड़ती है.’ पहली तस्वीर में प्रेसिडेंट मैक्रों और लेडी ब्रिजिट मनोज, अनिल, ज़ोया, ऋचा चड्ढा, शबाना आजमी, रिकी केज और दूसरे लोगों के साथ पोज देते हुए दिख रहे हैं. कुछ तस्वीरों में अनिल और ऋचा प्रेसिडेंट और खास लोगों से बातचीत करते हुए भी दिख रहे हैं जबकि एक और ग्रुप तस्वीर में वे सभी गेटवे ऑफ इंडिया पर पोज देते हुए दिख रहे हैं.
अनिल कपूर और रिकी केज ने भी साझा की तस्वीरें
अनिल कपूर ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर तस्वीरें पोस्ट करते हुए लिखा कि उन्होंने राष्ट्रपति मैक्रों और उनकी पत्नी ब्रिजिट के साथ सिनेमा संस्कृति और भारत-फ्रांस के रिश्तों पर प्रेरणादायक बातचीत की.
Spent an inspiring afternoon with President Emmanuel Macron and his gracious better half, Brigitte exchanging thoughts on cinema, culture, and the powerful bridge between India and France.
Here’s to India 🇮🇳 x France 🇫🇷
And to many more stories waiting to be told.… pic.twitter.com/UkNzhcKxKG— Anil Kapoor (@AnilKapoor) February 17, 2026
संगीतकार रिकी केज ने भी राष्ट्रपति और प्रथम महिला के साथ अपनी तस्वीरें साझा कीं. उन्होंने बताया कि वे फ्रांसीसी प्रतिनिधिमंडल के साथ राष्ट्रपति के विशेष विमान में यात्रा करके भारत-फ्रांस नवाचार वर्ष के उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल हुए. अपने चश्मे के बारे में रिकी ने मजाक में लिखा कि उन्होंने वह चश्मा राष्ट्रपति मैक्रों को सम्मान देने के लिए पहना जैसा चश्मा उन्होंने ( मैक्रों) हाल ही में दावोस में वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम के दौरान पहना था.
मुंबई आतंकी हमलों के पीड़ितों को दी श्रद्धांजलि
राष्ट्रपति मैक्रों और ब्रिजिट मैक्रों मंगलवार सुबह मुंबई पहुंचे. उनका यह दौरा 19 फरवरी तक चलेगा. मुंबई के कार्यक्रमों के बाद वे दिल्ली जाएंगे जहां वे इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026 में भाग लेंगे. मुंबई पहुंचने पर उन्होंने 2008 के मुंबई आतंकी हमलों के पीड़ितों को श्रद्धांजलि भी दी.