6
1990 के दशक में बॉलीवुड की उभरती हुई स्टार प्रतिभा सिन्हा आज गुमनामी की जिंदगी जी रही है. फिल्म ‘राजा हिंदुस्तानी’ के मशहूर गाने ‘परदेसी परदेसी’ से घर-घर में पहचान बनाने वाली प्रतिभा का करियर एक गलत फैसले और विवादित रिश्ते की वजह से खत्म हो गया.
मशहूर मां की बेटी और करियर की शुरुआत
प्रतिभा सिन्हा पुरानी एक्ट्रेस माला सिन्हा की बेटी है. उन्होंने 1992 में फिल्म ‘महबूब मेरे महबूब’ से बॉलीवुड में कदम रखा था. हालांकि उनकी शुरुआती फिल्में कुछ खास नहीं चलीं, लेकिन 1996 में आई फिल्म ‘राजा हिंदुस्तानी’ के एक गाने ने उन्हें रातों-रात स्टार बना दिया.
नदीम सैफी से प्यार और विरोध
प्रतिभा सिन्हा के करियर में गिरावट तब आई जब उनका नाम मशहूर संगीतकार नदीम सैफी (नदीम-श्रवण जोड़ी वाले) के साथ जुड़ा. नदीम उस समय सफलता के शिखर पर थे, लेकिन वह पहले से शादीशुदा थे और उनके बच्चे भी थे. प्रतिभा की मां माला सिन्हा इस रिश्ते के सख्त खिलाफ थी. उन्होंने अपनी बेटी को नदीम से दूर रखने की बहुत कोशिश की, यहां तक कि उन्हें मुंबई से दूर चेन्नई भी ले गई.
विवाद और अपहरण के आरोप
कहा जाता है कि प्रतिभा और नदीम के बीच रिश्ता इतना गहरा था कि एक बार प्रतिभा उनके साथ भाग गई थी. माला सिन्हा ने अपनी बेटी को वापस लाने के लिए बाल ठाकरे से मदद ली थी. बाद में माला सिन्हा ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की और नदीम पर प्रतिभा के अपहरण और यौन शोषण जैसे गंभीर आरोप लगाए, जिससे पूरी इंडस्ट्री में हंगामा मच गया.
गुलशन कुमार हत्याकांड और करियर का अंत
1997 में टी-सीरीज के मालिक गुलशन कुमार की हत्या ने सब कुछ बदल दिया. इस केस में नदीम सैफी का नाम संदिग्ध के तौर पर सामने आया, जिसके बाद वह लंदन चले गए और कभी वापस नहीं लौटे. नदीम के जाने और लगातार फ्लॉप फिल्मों के बाद प्रतिभा ने भी धीरे-धीरे बॉलीवुड से दूरी बना ली.
आज कहां है प्रतिभा सिन्हा ?
आज प्रतिभा सिन्हा चकाचौंध से पूरी तरह दूर है. उन्होंने शादी नहीं की और वह अपनी मां माला सिन्हा के साथ गुमनाम जीवन बिता रही है. जिस एक्ट्रेस को कभी भविष्य का बड़ा स्टार माना जा रहा था, वह विवादों और एक गलत रिश्ते के कारण इतिहास के पन्नों में कहीं खो गई.