52
Delhi Concert: मशहूर पंजाबी सिंगर जैस्मिन सैंडलस इन दिनों अपने दिल्ली कॉन्सर्ट के एक वायरल वीडियो को लेकर चर्चा में है. दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में चल रहे ‘HT City Unwind’ फेस्टिवल के दौरान जैस्मिन अपनी सुपरहिट परफॉर्मेंस दे रही थी. तभी उनकी नजर भीड़ में मौजूद दो लड़कों पर पड़ी जो वहां मौजूद लड़कियों को परेशान कर रहे थे. जैस्मिन ने तुरंत म्यूजिक रुकवाया और बीच शो में ही उन लड़कों को टोक दिया. उन्होंने माइक्रोफोन पर सीधे सिक्योरिटी को आदेश देते हुए कहा, सिक्योरिटी, प्लीज इन दो लड़कों को बाहर निकालिए, ये लड़कियों को तंग कर रहे है.
जब तक लड़कियां सुरक्षित नहीं, मैं नहीं गाऊंगी
जैस्मिन सैंडलस ने स्टेज से बेहद सख्त लहजे में अपनी बात रखी. उन्होंने पंजाबी में कहा, अप्पां गावां गे ही नहीं जद तक कुड़ियां सेफ फील नहीं करदी ओये (यानी जब तक लड़कियां सुरक्षित महसूस नहीं करेंगी, मैं नहीं गाऊंगी). जैस्मिन ने साफ कर दिया कि उनके लिए शो पूरा करने से ज्यादा जरूरी वहां मौजूद महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान है. उन्होंने तब तक इंतजार किया जब तक सुरक्षाकर्मियों ने उन लड़कों को कॉन्सर्ट वेन्यू से बाहर नहीं निकाल दिया. सिंगर के इस साहसी कदम को देखकर वहां मौजूद हजारों प्रशंसकों ने तालियों और शोर के साथ उनका समर्थन किया.
सोशल मीडिया पर मिली ‘असली धुरंधर’ की उपाधि
जैस्मिन का यह वीडियो इंटरनेट पर आग की तरह फैल गया है. फैंस उनकी जमकर तारीफ कर रहे है और उन्हें ‘रियल लाइफ धुरंधर’ कह रहे है. दरअसल, जैस्मिन ने हाल ही में फिल्म ‘धुरंधर’ के चार्टबस्टर गाने ‘शरारत’ को अपनी आवाज दी है, जिसमें एक्ट्रेस आयशा खान नजर आई है. इस कॉन्सर्ट में आयशा खान ने भी जैस्मिन के साथ स्टेज शेयर किया. लोगों का कहना है कि जहां अक्सर बड़े सितारे भीड़ की हरकतों को नजरअंदाज कर देते है, वहीं जैस्मिन ने स्टैंड लेकर एक मिसाल कायम की है.