16
बॉलीवुड अभिनेता सैफ अली खान की साल 2005 में आई सुपरहिट फिल्म ‘सलाम नमस्ते’ इन दिनों इंटरनेट पर अचानक चर्चा का विषय बन गई है. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ (ट्विटर) पर फिल्म का एक स्क्रीनशॉट तेजी से वायरल हो रहा है. इस फोटो में सैफ अली खान ने लाल रंग की एक टी-शर्ट पहनी हुई है, जिस पर बड़े अक्षरों में ‘EPSTEIN’ (एपस्टीन) लिखा हुआ है.
जेफरी एपस्टीन एक अमीर अमेरिकी व्यापारी था, जो बड़े-बड़े नेताओं और हस्तियों का दोस्त था. उस पर कम उम्र की लड़कियों की यौन तस्करी का गंभीर आरोप था. वह अपने निजी द्वीप पर रसूखदार लोगों के लिए गलत काम करवाता था. 2019 में जेल में उसकी रहस्यमयी मौत हो गई, जिसके बाद उसकी फाइलों ने दुनिया भर के कई ताकतवर लोगों के चेहरे बेनकाब कर दिए है.
हैरान है सोशल मीडिया यूजर्स
आज के समय में ‘एपस्टीन’ नाम एक बहुत बड़े अंतरराष्ट्रीय विवाद (जेफरी एपस्टीन केस) से जुड़ा हुआ है. चूंकि यह फिल्म 20 साल पहले रिलीज हुई थी, इसलिए लोग इस बात को लेकर हैरान है कि उस समय सैफ की टी-शर्ट पर यह नाम कैसे आया. नेटिज़न्स इस पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे है. कुछ लोग इसे ‘भविष्यवाणी’ कह रहे है तो कुछ इसे फिल्म बनाने वालों की ‘बारीक डिटेलिंग’ बताकर मजाक कर रहे है.
क्या है इस फोटो की सच्चाई?
फिल्म जानकारों और रिपोर्ट के अनुसार, यह सिर्फ एक इत्तेफाक है. 2005 में जब यह फिल्म शूट हुई थी, तब ‘एपस्टीन’ नाम का कोई विवादित मतलब नहीं था. उस समय यह शायद किसी आम कपड़ों के ब्रांड या डिजाइनर का नाम रहा होगा जिसे एक ग्राफिक डिजाइन के तौर पर टी-शर्ट पर प्रिंट किया गया था. फिल्म की कहानी या सैफ अली खान का इस विवाद से कोई लेना-देना नहीं है.
यशराज फिल्म्स की थी यह फिल्म
सोशल मीडिया पर कुछ लोग इसे करण जौहर की ‘धर्मा प्रोडक्शन’ की फिल्म बता रहे थे, लेकिन असल में ‘सलाम नमस्ते’ को ‘यशराज फिल्म्स’ (YRF) ने बनाया था. यह फिल्म अपने समय की बड़ी हिट रही थी, जिसमें सैफ अली खान और प्रीति जिंटा मुख्य भूमिका में थे. अब 20 साल बाद एक छोटे से नाम की वजह से यह फिल्म फिर से सुर्खियों में आ गई है.