58
Success Story : दुनिया को हंसाने वाले मशहूर कॉमेडियन कपिल शर्मा हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान काफी भावुक नजर आए. कपिल ने बताया कि साल 2004 में उनके पिता के निधन ने उनकी जिंदगी को पूरी तरह बदल दिया था. उन्होंने एक किस्सा साझा करते हुए बताया कि जब उन्होंने ‘द ग्रेट इंडियन लाफ्टर चैलेंज’ (सीजन 3) जीता और उन्हें 10 लाख रुपये का चेक मिला, तो वह खुशी मनाने के बजाय रो पड़े थे. कपिल ने कहा, उस वक्त मेरे मन में सिर्फ एक ही ख्याल आया कि काश आज मेरे पिता ये सब देखने के लिए मेरे साथ होते.
डिप्रेशन और करियर के उतार-चढ़ाव पर की बात
कपिल ने अपने मुश्किल दौर को याद करते हुए बताया कि 36 साल की उम्र में वह गहरे डिप्रेशन (तनाव) का शिकार हो गए थे. उस समय उनका करियर ढलान पर था और लोग कहने लगे थे कि ‘कपिल अब खत्म हो गया है’. लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी. अपनी शादी के बाद उन्होंने शानदार वापसी की और फिर से 300 से ज्यादा सुपरहिट एपिसोड्स दिए. उन्होंने स्वीकार किया कि सफलता और असफलता जिंदगी का हिस्सा है, बस आपकी नीयत साफ होनी चाहिए.
सोसाइटी के घरों से आती हंसी की आवाजें
कपिल ने एक और दिल छू लेने वाली बात बताई. उन्होंने याद किया कि जब उनका शो टीवी पर शुरू हुआ था, तो वह रात 9 बजे अक्सर अपने घर के बाहर चुपचाप खड़े हो जाते थे. उन्हें सोसाइटी के हर घर से लोगों के हंसने की आवाजें सुनाई देती थी. कपिल बोले, मैं मन ही मन सोचता था कि अगर पापा जिंदा होते, तो दुनिया को मेरे चुटकुलों पर हंसता देख वह कितने खुश होते. मैं उन्हें हर दिन याद करता हूं.