8
हाल ही में ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ में बॉलीवुड के दिग्गज कलाकार जैकी श्रॉफ और माधुरी दीक्षित एक साथ नजर आए. इस दौरान जैकी ने एक चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि उन्हें माधुरी दीक्षित के साथ ऑन-स्क्रीन रोमांस करने में बहुत शर्म आती थी. जैकी के अनुसार, माधुरी के साथ नजरें मिलाना और उनके सामने रोमांटिक गाना गाना उनके लिए किसी चुनौती से कम नहीं था. उन्होंने कहा कि माधुरी एक बहुत ही भावुक कलाकार है और जब वह पर्दे पर रोमांस करती है, तो वह इतना वास्तविक लगता है कि जैकी अक्सर अपनी नजरें नीची कर लेते थे.
पहली मुलाकात और सरोज खान की भविष्यवाणी
माधुरी दीक्षित ने भी पुराने दिनों को याद करते हुए बताया कि उनकी और जैकी की पहली मुलाकात फिल्म ‘कर्मा’ के सेट पर हुई थी. उस समय माधुरी नई थी और काफी घबराई हुई थी. वहीं, जैकी ने बताया कि दिग्गज कोरियोग्राफर सरोज खान ने शुरुआत में ही यह भांप लिया था कि माधुरी एक बड़ी स्टार बनेंगी. सरोज जी ने सुभाष घई से खास तौर पर कहा था कि इंडस्ट्री में एक बहुत ही खूबसूरत और टैलेंटेड डांसर आई है, जिसे अपनी फिल्मों में जरूर लेना चाहिए. जैकी आज भी माधुरी की प्रतिभा और काम के प्रति उनके समर्पण के कायल है.
निजी भावनाएं और ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री
जैकी श्रॉफ ने अपने दिल की बात साझा करते हुए कहा कि कुछ भावनाएं बहुत निजी होती है, जिन्हें कैमरे के सामने दिखाना कठिन होता है. उन्होंने कहा, जब माधुरी बोलती है, तो उनकी आंखों में देखकर बात करना बहुत मुश्किल होता है क्योंकि उनके व्यक्तित्व में एक गहराई है. जैकी ने मजाकिया अंदाज में यह भी बताया कि माधुरी ने उनके साथ प्रेमिका और पत्नी से लेकर ‘सास’ तक का किरदार निभाया है. जवाब में माधुरी ने भी जैकी की तारीफ करते हुए उन्हें ‘बेहद मासूम और जमीन से जुड़ा इंसान’ बताया. दोनों की यह केमिस्ट्री आज भी दर्शकों को खूब पसंद आती है.