Masaan Movie Best Scene: हम अपने जीवन में बहुत सी फिल्में देखते हैं, जिनमें कुछ ही ऐसी फिल्में होती हैं, जो हमें हमेशा के लिए याद हो जाती हैं. आज इस लेख में हम आपको एक फिल्म के बार में बताने जा रहे हैं. जिसमें कुछ ऐसा होता है कि आपका दिल दहल उठेगा. सोचिए आप जिससे प्रेम करते हों और वही शख्स आपके सामने मृत पड़ा हो, तो इससे ज्यादा हैरान करने वाली बात नहीं हो सकती. कुछ साल पहले एक फिल्म रिलीज हुई थी, जिसमें एक सीन आती है, जब प्रेमी को अपनी प्रेमिका की लाश जलाने की नौबत आ जाती है. जानिए कौन सी है वो फिल्म.
क्या है फिल्म का नाम?
उस फिल्म का नाम है ‘मसान’, जो साल 2015 में रिलीज हुई थी. इस फिल्म का निर्देशन नीरज घेवन ने किया था. इस रोमांटिक-ड्रामा फिल्म में विक्की कौशल, ऋचा चड्ढा, श्वेता त्रिपाठी आदि कलाकार मौजूद थे. आपको बता दें कि यह फिल्म विक्की कौशल की डेब्यू फिल्म थी. वाराणसी के घाटों पर जीवन, मृत्यु और तड़प के चित्रण के लिए इस फिल्म को व्यापक प्रशंसा मिली थी.
कौन सा सीन है?
इस फिल्म में विक्की कौशल (दीपक कुमार) डोंग की भूमिका निभाते नजर आते हैं, जो शमशान पर लाश जलाते हैं, क्योंकि उनके परिवार का यही पेशा रहता है. हालांकि विक्की कौशल का किरदार पढ़-लिखकर इस पारंपरिक व्यवसाय से बाहर निकलना चाहता है. इसी दौरान दीपक को श्वेता त्रिपाठी (शालू गुप्ता) से प्रेम हो जाता है. फिर एक दिन दीपक जब शमशान पर काम कर रहा होता है, तो अचानक देर रात कई लाश जलने के लिए आने लगती हैं, क्योंकि एक बस एक्सीडेंट में कई लोग मारे जाते हैं. फिर इसी दौरान उसे अपनी प्रेमिका शालू की लाश भी दिख जाती है. यह घटना आपको झकझोर कर रख देती है.
क्या है फिल्म की कहानी?
यह कहानी गंगा किनारे बसे एक छोटे शहर की है, जहां चार लोगों की जिंदगी आपस में जुड़ जाती है. एक लड़का है जो निचली जाति से है और प्यार में पूरी तरह डूबा हुआ है. एक लड़की है, जो अपने एक रिश्ते के दर्दनाक अंत के बाद गहरे अपराधबोध में जी रही है. एक पिता है, जो हालात के कारण अपने सिद्धांतों से समझौता करता जा रहा है. वहीं एक छोटी बच्ची है, जो एक सच्चे परिवार के प्यार के लिए तरस रही है. ये चारों अपने-अपने दुख और उलझनों के साथ उस छोटे शहर की कठोर सामाजिक सोच और बंदिशों से निकलने की कोशिश कर रहे हैं.