Mirzapur The Movie: लगभग हर भारतीय ने जो वेब सीरीज देखी होगी उनमें मिर्जापुर का नाम शायद सबसे ऊपर होगा. कालीन भइया और मुन्ना भइया की ठसक ने पूर्वांचल की रंगबाजी को घर-घर तक पहुंचा दिया. इस वेब सीरीज के 3 सीजन आ चुके हैं और चौथे सीजन का लोग इंतजार कर रहे हैं.
लेकिन मेकर्स ने एक बड़ा सरप्राइज देते हुए मिर्जापुर: द मूवी के लॉन्च की अनाउंसमेन्ट कर दी है. यह लोकप्रिय वेब सीरीज का पहला सिनेमाई रूपांतरण होगा, जिसमें मूल किरदारों की वापसी हो रही है. कालीन भइया को बड़े पर्दे पर देखने का फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं. मिर्जापुर लोगों के लिए महज एक सीरीज नहीं, बल्कि एक इमोशन है.
फिल्म की स्टोरीलाइन
मिर्जापुर: द मूवी, मिर्जापुर यूनिवर्स का एक अनकही कहानी बयान करेगी. यह सीरीज के तीसरे सीजन के बाद की घटनाओं को आगे बढ़ाती है, जिसमें कालीन भैया, गुड्डू पंडित और मुन्ना भैया के बीच फाइनल शो डाउन होगा. पोस्टर में रेगिस्तान में दौड़ती एसयूवी और खून जैसे रेत के बादल दिखाए गए हैं, जो हिंसा, सत्ता संघर्ष और नए ट्विस्ट का संकेत देते हैं. फिल्म मिर्जापुर की सीमाओं से बाहर जाकर बड़ा कैनवास दिखाएगी, लेकिन हथियार और राजनीति के बुनियादी तत्व इस फिल्म में बरकरार रहेंगे.
स्टार कास्ट
फिल्म में पंकज त्रिपाठी कालीन भैया, अली फजल गुड्डू पंडित और दिव्येंदु शर्मा मुन्ना भैया के रोल में लौट रहे हैं. मुन्ना का किरदार सीजन 3 में मर गया था, लेकिन फिल्म में उसकी वापसी फैंस का सबसे बड़ा सरप्राइज है. अन्य कलाकारों में जीतेंद्र कुमार, रवि किशन, अभिषेक बनर्जी, रसिका दुग्गल, श्वेता त्रिपाठी, श्रिया पिलगांवकर, हर्षिता गौर, सुषांत सिंह, मोहित मलिक, शीबा चढ्ढा, राजेश तैलंग, कुलभूषण खरबंदा, सोनल चहल, प्रमोद पाठक और अनंगशा बिस्वास शामिल हैं. फिल्म का निर्देशन गुरमीत सिंह ने किया है और पटकथा पुनीत कृष्णा की है.
वेब सीरीज से अलग होगी फिल्म की कहानी
वेब सीरीज ओटीटी प्लेटफॉर्म पर लंबे एपिसोड्स के जरिए गहरी कहानी बताती थी, जबकि यह फिल्म थिएट्रिकल अनुभव के लिए डिजाइन की गई है. इसमें बड़े पर्दे का भौकाल दिखेगा, जिसमें एक्शन, वायलेंस और ड्रामा को ग्रैंड स्केल पर पेश किया जाएगा. यह सीरीज का सीक्वल जैसा नहीं, बल्कि एक अलग अनकहा चैप्टर होगा, जो मुन्ना की वापसी से शो में एक नई ताजगी लाता है. फिल्म की शूटिंग पूरी हो चुकी है और मिर्जापुर: द मूवी 4 सितंबर को थिएटर्स में रिलीज होगी.