Monalisa: प्रयागराज के महाकुंभ में वायरल होकर सुर्खियों में आई मोनालिसा भोसले एक बार फिर चर्चा में हैं. इस बार वजह उनकी निजी ज़िंदगी है. खबर है कि मोनालिसा ने अपने परिवार की मर्ज़ी के खिलाफ जाकर केरल के एक मंदिर में फरमान खान से शादी कर ली है. इस घटना के बाद उनके परिवार में हलचल मच गई है और पिता जयसिंह भोसले ने इसे लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं. उन्होंने दावा किया है कि उनकी बेटी को फिल्मों में काम दिलाने के बहाने केरल ले जाया गया, जहां बाद में उसने फरमान खान से शादी कर ली. वहीं पुलिस का कहना है कि मोनालिसा बालिग हैं और कानूनन अपनी मर्ज़ी से शादी करने के लिए स्वतंत्र हैं.
फरमान खान से की शादी
मोनालिसा के पिता जयसिंह भोसले ने बताया कि 2 मार्च को केरल से कुछ लोग आए और उनकी बेटी को फिल्मों में काम और एक्टिंग सिखाने का वादा किया. उन्होंने कहा कि वह अपनी बेटी के साथ केरल गए थे लेकिन मोनालिसा ने उनमें से एक फरमान खान से शादी कर ली.
पिता जयसिंह भोसले ने क्या कहा?
जयसिंह ने कहा, “मैंने विरोध किया और उससे महेश्वर लौटने को कहा लेकिन उसने मना कर दिया.” उन्होंने आगे कहा कि वे केरल के समनूर पुलिस स्टेशन भी गए और वहां शिकायत दर्ज कराई. हालांकि पुलिस ने उन्हें बताया कि मोनालिसा 18 साल की हो गई है और बालिग होने के नाते वह अपनी मर्ज़ी से शादी करने के लिए आज़ाद है.जयसिंह ने कहा, “हम ज़्यादा पढ़े-लिखे नहीं हैं, इसलिए हमें समझ नहीं आ रहा कि यह कैसे हुआ. शायद किसी ने उस पर जादू-टोना कर दिया हो.”
उसका अच्छा करियर हो-जयसिंह
उन्होंने कहा कि परिवार के पास करने के लिए बहुत कम बचा है. जो भी उसकी किस्मत में लिखा होगा, वह होगा. हम बस यही चाहते हैं कि उसका अच्छा करियर हो और वह ज़िंदगी में आगे बढ़े. लाचार पिता ने यह भी बताया कि मोनालिसा को उसकी शादी के दौरान केरल के कुछ असरदार लोगों से मदद मिली थी. जयसिंह निराश और हताश होकर घर लौट रहे हैं. उन्होंने बताया कि डायरेक्टर सनोज मिश्रा की फ़िल्म “द डायरी ऑफ़ मणिपुर” साइन करने के बाद मोनालिसा को जो पैसे मिले, वे घर के खर्चों के बजाय उसके आने-जाने, रहने और ट्रेनिंग पर खर्च हो गए.
पारधी समुदाय से हैं मोनालिसा
मोनालिसा भोसले अपने परिवार के साथ खरगोन ज़िले के महेश्वर के वार्ड नंबर 9 में रहती हैं. वे पारधी समुदाय से हैं जो घूम-घूमकर रुद्राक्ष और पत्थरों के हार बेचते हैं.
मैं किसी और से बात नहीं करना चाहता-जयसिंह
मोनालिसा के पिता ने आजतक से बात करते हुए कहा कि “मैं मीडिया से बचते हुए पिछले दरवाजे से यहां पहुंचा हूं और मैं किसी और से बात नहीं करना चाहता.” मोनालिसा के पिता की आंखें भर आईं. मोनालिसा के पिता जयसिंह ने कहा, “मेरी बेटी हीरोइन बन रही थी और मुझे लगा कि उसे फिल्मों में और काम मिलेगा. मैं हमेशा उसके लिए मौजूद था लेकिन मेरी बेटी को धोखा दिया गया. मुझे अभी कोई उम्मीद नहीं है. मैं महेश्वर तभी पहुंचा जब मुझे पता चला कि मेरी बेटी ने एक मुस्लिम आदमी से शादी कर ली है. मैंने अपना मोबाइल फोन भी इस्तेमाल नहीं किया था.” यह कहते हुए मोनालिसा के पिता की आंखों में आंसू आ गए. मोनालिसा के पिता जयसिंह भोसले ने कहा “मैं वहां इस उम्मीद से गया था कि मेरी बेटी दो फिल्मों में एक्टिंग करेगी. फिर मेरी बेटी ने मुझे बताया कि कुछ लोग उसे एक्टिंग और डांसिंग सिखा रहे हैं.
उन्होंने कहा कि वे उसे यह वह और वह सिखाएंगे तो मुझे उम्मीद हो गई. मुझे लगा कि दो फिल्में बनने के बाद तीसरी भी बन जाएगी. मुझे नहीं पता था कि ऐसा कुछ होगा.” मुझे नहीं पता कि उन्होंने मेरी बेटी को कैसे फंसाया.
मुझे लगता है कि यह लव जिहाद है- जयसिंह
जयसिंह ने कहा कि उन्हें केरल से भगा दिया गया था. पुलिस ने कहा, ”अब यहां से तुम्हारा कोई काम नहीं है. मैं मुख्यमंत्री मोहन यादव सर से निवेदन करता हूं कि मेरी लड़की ने जो थोड़ा बहुत नाम हमको दिया था, मेरी लड़की ने देशभर में नाम ऊंचा किया, अब उसे सुरक्षित वापस दिला दो. मैं एयरपोर्ट आ रहा था बेटी को लेकर. अचानक आकर बेटी को ले गए और मुझे वहां से भगा दिया. मुझे तो ये लव जिहाद ही लग रहा है.”