Shaktimaan vs Samay Raina: ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ की कॉन्ट्रोवर्सी के करीब 14 महीने के बाद समय रैना फिर से सोशल मीडिया पर छाए हुए हैं. इस बार ‘स्टिल अलाइव’ से कमबैक करके समय रैना ने एक्टर, सेलेब्रिटीज और कॉमेडियन्स पर जमकर भड़ास निकाली. हालांकि, समय रैना का ये अंदाज शक्तिमान फेम मुकेश खन्ना को पसंद नहीं आया. उन्होंने सोशल मीडिया पर समय रैना को जमकर लताड़ा और कहा कि समय रैना का मुंह काला करके गधे पर बिठाना चाहिए, उस पर अंडे और टमाटर फेंकने चाहिए.
क्या है पुरानी कॉन्ट्रोवर्सी?
जानकारी के लिए बता दें कि समय रैना को उनके रोस्ट करने की आदत और उनके पुराने चर्चित शो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ के लिए सुनील पाल, बी प्राक और मुकेश खन्ना जैसे सेलेब्रिटीज ने जमकर लताड़ा था. शक्तिमान फेम मुकेश खन्ना ने भी कहा था कि समय रैना और रणवीर अल्लाहबादिया जैसे लोग देश की युवा पीढ़ी को बिगाड़ रहे हैं.
2025 में ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ की कुछ क्लिप्स भी सोशल मीडिया पर वायरल होने लगीं, जिसे सोशल मीडिया पर असंवेदनशील बताकर समय और रणवीर की जमकर आलोचना हुई. इस दौरान रणवीर अल्लाहबादिया के मजाकिया अंदाज को असभ्य बताकर एफआईआर दर्ज कराई गई और शो कुछ समय में भी बंद करना पड़ा.
अब क्यों नाराज हुए मुकेश खन्ना?
समय रैना ने अपने कमबैक वीडियो ‘स्टिल अलाइव’ में शक्तिमान शो को रोस्ट किया और कहा कि ‘शक्तिमान जैसे कंटेन्ट का बच्चों पर क्या असर होता है, ये मैं नहीं जानता, लेकिन बचपन में अक्सर न्यूज आती थी कि शक्तिमान शो देखकर बच्चे छत से इस उम्मीद में कूद जाते थे कि शक्तिमान बचाने आएगा.’
समय रैना ने आगे कहा कि तूने बच्चे मारे हैं, भाई तू मुझे क्या बोल रहा है. समय रैना ने कहा कि ‘क्या शक्तिमान आ गया था यार. शक्तिमान से कैसे लड़ेंगे. कोई शक्तिमान से कैसे लड़ सकता है?’
मुकेश खन्ना ने क्या कहा
समय रैना के कमबैक वीडियो और शक्तिमान पर समय रैना की रोस्टिंग पर मुकेश खन्ना काफी नाराज हुए. एक इंस्टाग्राम पोस्ट शेयर करके समय रैना को जमकर लताड़ा और कहा कि ‘कुत्ते की दुम टेढ़ी रहती है. उसे लाख शीशियों में रखो. बाहर निकालो. फिर टेढ़ी की टेढ़ी!!’
अपनी पोस्ट में मुकेश खन्ना ने कहा कि ‘समय रैना की भी एक दुम है. कितना भी मारो. सीधा करो. वो वापस टेढ़ी हो जाती है. क्योंकि वो सीधा सादा प्राणी नहीं है. वो रोस्टेड प्राणी है.’ मुकेश खन्ना यहीं नहीं रुके, उन्होंने कहा कि ‘समय रैना गंदगी की आग में जलाया हुआ. पकाया हुआ है. उसे पूरे देश ने लताड़ा, मारा. लेकिन ये फिर आ गया बेशर्मों की तरह और मार खाने.’
बच्चों के सुपरहीरो का अपमान
मुकेश खन्ना ने कहा कि ‘समय रैना ने बच्चों के सुपर हीरो शक्तिमान का अपमान किया है, इसलिए उसका मुंह काला कर गधे पर बिठा कर देश भर के शहरों में, गालियों में उसकी परेड करनी चाहिए. जहाँ बच्चे उसको अंडे, टमाटर मारें.’