हाल ही में गायक-कंपोजर विशाल ददलानी ने नए गायकों को सख्त चेतावनी दी है. उन्होंने कहा कि प्रभावशाली संपर्कों के जरिए उनसे संपर्क न करें, वरना वो व्यक्ति हमेशा के लिए ब्लॉक हो जाएंगे. यह बयान एक नए गायक द्वारा मंत्री के जरिए उनसे संपर्क करने के प्रयास के बाद आया.
विशाल ने स्पष्ट कहा कि अगर कोई उनसे इस तरह से मिलने की कोशिश करेगा तो वो उनसे कभी नहीं मिल सकेंगे. साथ ही सिंगर ने नए गायकों को अपनी प्रतिभा पर विश्वास करने का संदेश भी दिया.
क्यों भड़के विशाल
किसी उभरते हुए सिंगर ने विशाल से काम मांगने के लिए किसी मंत्री या उनके सचिव से सिफारिश करवाई थी, जिसके बाद विशाल की तीखी प्रतिक्रिया सामने आई. हालांकि विशाल डडलानी ने उस व्यक्ति और संबंधित मंत्री या सचिव का नाम नहीं बताया, लेकिन उन्होंने स्पष्ट बोलते हुए कहा कि उनको ये स्वीकार नहीं.
इंस्टाग्राम पर शेयर नोट में विशाल ने लिखा, “नए गायकों के लिए सलाह: किसी मंत्री जी या उनके सेक्रेटरी से मुझे फोन न करवाएं. यह मुझसे कभी मिलने का गारंटीड तरीका है.” उन्होंने कहा कि संपर्कों से आगे बढ़ने वालों के लिए मेरे मन में कोई सम्मान नहीं. उन्होंने कहा कि वो व्यक्ति और मंत्री ब्लॉक हो चुके हैं, भले ही वह अच्छा गायक हो. पोस्ट के कैप्शन में विशाल ने लिखा, “अपने टैलेंट पर भरोसा रखें, कड़ी मेहनत करें और धैर्य रखें. अच्छे हो तो समय आएगा. ‘सिफारिश’ न करें, यह पुरानी आदत है और दिखाता है कि आप टैलेंट पर भरोसा नहीं करते.” विशाल का यह स्टैंड म्यूजिक इंडस्ट्री में नेपोटिज्म और शॉर्टकट के खिलाफ है. उनका संदेश नए टैलेंट को सही रास्ता दिखाता है कि मेहनत ही सफलता की कुंजी है. उनका यह बयान युवा गायकों के लिए प्रेरणा बनेगा.
लोगों की प्रतिक्रिया
इंस्टाग्राम पर यह पोस्ट करने के बाद लोगों की कमेंट्स की बाढ़ आ गयी. एक यूजर ने पूछा कि सही तरीका क्या है, तो विशाल ने जवाब दिया, “अपना म्यूजिक रिलीज करें। अच्छा होगा तो खुद पहुंचेगा. हर हफ्ते नए आर्टिस्ट खोजने का प्लेटफॉर्म सेट कर रहे हैं.” किसी ने नाम बताने को कहा, लेकिन विशाल ने कहा, “एक गलती करियर डिफाइन न करे. उम्मीद है सीख लेगा.”
सोशल मीडिया पर लोगों ने विशाल की तारीफ की, इसे इंडस्ट्री में मेरिट पर जोर देने वाली बात बताया. विशाल-शेखर की जोड़ी ने कई हिट गाने बनाये हैं जैसे ‘खुदा जाने’, ‘बंग बैंग’, ‘इश्क वाला लव’.