Rajpal Yadav: कुछ समय पहले ही कॉमेडी एक्टर राजपाल यादव को 9 करोड़ रुपए के चेक बाउंस मामले में सजा सुनाई गई थी. एक्टर ने अपने आपको सरेंडर किया और इसके बाद से वे तिहाड़ जेल में हैं. कुछ दिनों बाद दिल्ली हाई कोर्ट ने एक्टर की बेल खारिज कर दी थी. हाल ही में उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें राजपाल यादव सलमान खान को उनकी मदद करने और उन्हें राहत देने के लिए धन्यवाद देते हुए दिखाई दे रहे थे. इससे लोगों को लगा कि राजपाल यादव जेल से बाहर आ गए हैं और इसके लिए सलमान खान ने उनकी मदद की है. लोगों को लगा कि सलमान ने राजपाल का बकाया पैसा चुका दिया है. हालांकि राजपाल यादव की पत्नी राधा यादव ने इस वीडियो की सच्चाई बताई है कि आखिर राजपाल सलमान खान को धन्यवाद क्यों कह रहे हैं?
पत्नी राधा यादव ने बताई सच्चाई
एक्टर राजपाल की पत्नी राधा यादव ने एक मीडिया चैनल से बातचीत में कहा कि राजपाल अब तक जेल से बाहर नहीं आए हैं. इस मामले में सोमवार को सुनवाई होने वाली हैं. जेल में एक्टर की हालत के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा, ‘जहां तक मुझे समझ में आया, वह ठीक हैं. हमारा पूरा परिवार इस समय साथ है. हम उनके फैंस और फिल्म इंडस्ट्री से मिल रहे सपोर्ट और प्यार के लिए बहुत शुक्रगुजार हैं.
राजपाल यादव ने सलमान खान को क्यों कहा शुक्रिया?
हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुई, जिसमें राजपाल खुले में बैठे हुए हैं और सलमान खान को किसी चीज के लिए धन्यवाद देते हुए दिख रहे थे. इस वीडियो में वे कह रहे थे कि सलमान खान उनके बड़े भाई की तरह हैं. आज सलमान खान के साथ बैठकर वे अंदर से खुशी महसूस कर रहे हैं. इससे अंदाजा लगाया जा रहा था कि राजपाल यादव सलमान खान को जेल से बाहर आने के लिए सलमान खान को धन्यवाद कह रहे हैं. हालांकि बाद में पता चला कि ये वीडियो काफी पुराना है. इस वीडियो का हालिया केस से कोई वास्ता नहीं है.
क्यों जेल में हैं राजपाल यादव?
बता दें कि राजपाल यादव ने साल 2010 में अपना डायरेक्टोरियल डेब्यू किया था. इसके सिए उन्होंने कुछ लोन लिया था. इसको वापस करने के लिए उन्होंने 5 करोड़ रुपए का चेक दिया था, जो बाउंस हो गया था. फिल्म फ्लॉप होने के कारण वे पैसे नहीं चुका पाए. इसके कारण 2018 में उन्हें और उनकी पत्नी को एक मजिस्ट्रेट कोर्ट ने छह महीने जेल की सजा सुनाई थी. 2019 में एक सेशन कोर्ट ने इस सजा को बरकरार रखा. राजपाल के दिल्ली हाई कोर्ट जाने के बाद उन्हें राहत मिली.
दिल्ली हाईकोर्ट ने राहत देने के लिए क्यों किया इनकार?
इस महीने की शुरुआत में हाईकोर्ट ने उन्हें राहत देने से इनकार कर दिया. उन्होंने कहा कि राजपाल यादव को पहले ही 4 फरवरी 2026 को सरेंडर करने का निर्देश दिया गया था लेकिन एक्टर ने सरेंडर ऑर्डर का पालन नहीं किया. इसके कारण जेल अधिकारियों के सामने सरेंडर करने के बाद ही उनकी बात सुनी जाएगी. इसके बाद राजपाल यादव ने 5 फरवरी को तिहाड़ जेल में सरेंडर कर दिया. एक्टर के सरेंडर करने के बाद फिल्म इंडस्ट्री के कई लोग उनकी कानूनी और फाइनेंशियल मुश्किलों से निपटने में मदद के लिए आगे आए हैं.