Dhurandhar 2 Title Track: पिछले साल रिलीज हुई फिल्म धुरंधर में मौजूद अरबी गाना FA9LA ने धूम मचा दी थी. जिसको देखो वही अपने हर पोस्ट और वीडियो में यही गाना लगा रहा था. अब रणवीर सिंह अभिनीत धुरंधर 2 का भी टीजर रिलीज हो चुका है. इसका बैकग्राउंड म्यूजिक दर्शकों का ध्यान खींच रहा है. क्या आपको पता है इस टीजर में बजने वाला अंग्रेजी गाना ग्रैमी पुरस्कार विजेता के किसी गाने से काफी मिलता-जुलता है. चलिए जानते है क्या है यह गाना.
कौन सा है यह गाना?
रणवीर सिंह की आगामी फिल्म ‘धुरंधर: द रिवेंज’ के टीजर में अमेरिकन सिंगर और रैपर डोजा कैट का एक गाना है. इसका नाम है AAAHH MEN!, जो ‘धुरंधर 2′ के टीजर में बैकग्राउंड म्यूजिक के तौर पर मौजूद है. आपको बता दें कि फिल्म निर्माताओं ने यूट्यूब पर टीजर जारी करते हुए इस गाने का नाम भी बताया है. यूट्यूब पर नीचे स्क्रॉल करने पर आपको दिखेगा, डोजा कैट का गाना AAAHH MEN!’
अरबी सॉन्ग FA9LA ने मचाया था धमाल
फिल्म ‘धुरंधर’ के पहले भाग में बहरीनी रैपर फ्लिपराची के गाने FA9LA का इस्तेमाल किया गया था. अक्षय खन्ना के किरदार के एंट्री सीन के दौरान फिल्माया गया यह गाना, जिसमें वह अचानक डांस करने लगते हैं, फिल्म रिलीज होने के कुछ दिनों बाद ही वायरल हो गया था. सोशल मीडिया पर इसने धूम मचा दी थी. हर कोई इसपर रील्स बना रहा था.
कब रिलीज होगी ‘धुरंधर 2’?
फिल्म ‘धुरंधर: द रिवेंज’ 19 मार्च, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी. सीक्वल में रणवीर सिंह, अक्षय खन्ना, संजय दत्त, आर. माधवन और अर्जुन रामपाल की वापसी हुई है.
एक नजर ‘धुरंधर’ पर
आदित्य धर के निर्देशन में बनी ‘धुरंधर’ एक जासूसी थ्रिलर फिल्म है, जो 5 दिसंबर को रिलीज हुई थी. फिल्म में रणवीर सिंह ने एक भारतीय जासूस का किरदार निभाया है, जो कराची के अंडरवर्ल्ड में घुसकर आतंकी संगठनों और उनके नेटवर्क को खत्म करता है. फिल्म में अक्षय खन्ना, संजय दत्त, आर. माधवन और अर्जुन रामपाल भी अहम भूमिकाओं में नजर आए हैं. ‘धुरंधर’ बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त सफल रही और बॉलीवुड की सबसे बड़ी हिट फिल्मों में शामिल हो गई. इस फिल्म ने दुनियाभर में 1300 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई की है.