Rashmika Mandanna: मनोरंजन जगत में इन दिनों विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना की शादी ट्रेंड कर रही है. तमाम अटकलों पर रोक लगाते हुए दोनों सितारों ने 26 फरवरी को शादी कर ली. दोनों की शादी की खूबसूरत तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं. लेकिन क्या आपको पता है कि रश्मिका मंदाना की पहले भी एक बार किसी एक्टर से सगाई हो चुकी है. रिपोर्ट्स के अनुसार एक साल बाद किन्हीं कारणों की वजह से अभिनेत्री का रिश्ता टूट गया था.
किससे और कब हुई थी सगाई?
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अभिनेत्री रश्मिका मंदाना जब अपने करियर के शुरुआती दौर में थीं. उस समय उनका अफेयर किसी के साथ चल रहा था. जब अभिनेत्री 21 साल की थीं, तो उनकी सगाई साल 2017 में कन्नड़ अभिनेता रक्षित शेट्टी से हुई थी, जो उस समय 34 साल के थे. यानी कि दोनों के बीच करीब 13 साल का अंतर था. हालांकि, बताया जाता है कि सगाई के एक साल बाद ही दोनों का रिश्ता टूट गया था. रश्मिका मंदाना ने आज तक सार्वजनिक रूप से रक्षित शेट्टी के साथ अपने रिश्ते के बारे में कुछ नहीं कहा है. आपको बता दें कि रश्मिका और रक्षित शेट्टी ने साल 2016 में आई फिल्म ‘ किरिक पार्टी’ में साथ काम किया था. इसी फिल्म से एक्ट्रेस ने सिनेमा जगत में कदम रखा था.
रक्षित ने रश्मिका को लेकर क्या कहा था?
साल 2023 में, अपनी फिल्म ‘सप्त सागरदाचे एलो: साइड ए’ के प्रमोशन के दौरान , रक्षित शेट्टी से पूछा गया कि क्या वह अभी भी रश्मिका मंदाना के संपर्क में हैं? इंडिया टूडे के अनुसार इस पर रक्षित ने जवाब में कहा, ‘हां, रश्मिका और मैं अब भी संपर्क में हैं. सिनेमा जगत में उनका एक बड़ा सपना था. वह उसी सपने की ओर बढ़ रही हैं. उनमें अपने लक्ष्य को हासिल करने का दृढ़ संकल्प है. हमें उनकी इस उपलब्धि के लिए उनकी तारीफ करनी चाहिए.’
अब विजय की हुईं रश्मिका
विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना के डेटिंग की अफवाहें जनवरी 2023 में मालदीव में उनकी वेकेशन ट्रिप के बाद शुरू हुई. पिछले तीन सालों में उन्हें कई मौकों पर एक साथ देखा गया. रश्मिका और विजय की पहली मुलाकात साल 2018 में फिल्म गीता गोविंदम की शूटिंग के दौरान हुई थी. फिर बाद में उन्होंने डियर कॉमरेड में एक साथ काम किया. अब 26 फरवरी 2026 को दोनों एक-दूसरे को हो गए.