Rashmika Mandanna: रश्मिका मंदाना आज 5 अप्रैल को अपना 30वां जन्मदिन मना रही हैं. इस खास मौके पर, अभिनेत्री की आगामी फिल्म ‘मैसा’ के निर्माताओं ने एक शानदार ब्लैक एंड व्हाइट पोस्टर जारी किया. पोस्टर में एक्ट्रेस का योद्धा अवतार दिख रहा है.
फिल्म के मेकर्स ने जारी किया पोस्टर
रश्मिका मंदाना के जन्मदिन के अवसर पर उनकी आगामी फिल्म ‘ मैसा’ की प्रोडक्शन टीम ने एक नया पोस्टर जारी किया. इसमें रश्मिका को एक दमदार और युद्ध में घायल जैसी छवि में दिखाया गया है, जो उनके किरदार के लिए किए गए रूपांतरण को उजागर करता है. पोस्टर में रश्मिका का चेहरा कालिख, गंदगी और खून से सना हुआ है. साथ ही उनकी नाक और माथे पर गहरे घाव भी दिखाई दे रहे हैं. यह रूप उनके किरदार की शारीरिक चुनौतियों को दर्शाता है और फिल्म में उनकी भूमिका की गंभीरता को भी उजागर करता है.
किस आधार पर है फिल्म की कहानी?
गोंड जनजाति के पारंपरिक परिवेश पर आधारित फिल्म ‘मैसा’ में रश्मिका एक योद्धा महिला की भूमिका निभा रही हैं , जो उनकी पिछली रोमांटिक कॉमेडी और अन्य फिल्मों से बिल्कुल अलग है. इसमें एक्ट्रेस सीरियस और चुनौतियों का सामना करती दिखेंगी. साथ ही एक्ट्रेस पहली बार एक्शन अवतार में दिखेंगी.
फिल्म के बारे में
‘मैसा’ का निर्देशन नवोदित निर्देशक रवींद्र पुल्ले ने किया है और इसका निर्माण अनफॉर्मूला फिल्म्स ने किया है. फिल्म में ईश्वरी राव, गुरु सोमासुंदरम और राव रमेश जैसे कलाकार शामिल हैं. फिल्म की शूटिंग फिलहाल जारी है और इसे 2026 में कई भाषाओं में रिलीज करने की योजना है.