Rohit Shetty house Firing Case: रविवार को मशहूर डायरेक्टर रोहित शेट्टी के घर के बाहर गोलीबारी की घटना हुई. पुलिस ने इस मामले में अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. ये सभी कल कोर्ट में पेश हुए और उन्हें चार दिन की पुलिस कस्टडी में भेज दिया गया. पुलिस अब उनसे और गहराई से पूछताछ करेगी. लॉरेंस बिश्नोई गैंग के सदस्य शुभम लोनकर और आरजू बिश्नोई ने रोहित शेट्टी के घर के बाहर हुई गोलीबारी की जिम्मेदारी ली है.
चार आरोपियों की पहचान
पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान आदित्य ज्ञानेश्वर गायकी (19), सिद्धार्थ दीपक येनपुरे (20), समर्थ शिवशरण पोमाजी (18), और स्वप्निल बंडू सकट (23) के रूप में हुई है. ये सभी पुणे के रहने वाले हैं. उन्हें आर्म्स एक्ट की धारा 109, 61(2) के साथ-साथ इंडियन पीनल कोड की धारा 3, 25 और धारा 37(1), 37(2), और 135 के तहत गिरफ्तार किया गया है.
आरोपियों ने की हमले में मदद
आरोपियों ने गोलीबारी में मदद की. जानकारी के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों ने शुभम लोणकर की मदद से रोहित शेट्टी के घर पर फायरिंग करने वाले आरोपियों की मदद की. शिवशरण पोमाजी ने वॉन्टेड आरोपी शुभम लोणकर के साथ मिलकर साजिश रची. इसके अलावा गिरफ्तार आरोपी आदित्य ज्ञानेश्वर गायकी की सलाह पर उसने एक होंडा डियो मोटरसाइकिल/स्कूटर, MH12 FN 2205 खरीदी और दूसरे आरोपियों के साथ मिलकर फायरिंग करने वाले आरोपियों की मदद की.
किसने ली हमले की जिम्मेदारी
पुलिस जांच में पता चला कि शिवशरण पोमाजी ने शुभम लोणकर से मिली पैसे की मदद से इस मामले के मुख्य आरोपी को गाड़ी दी थी. पुलिस के मुताबिक शुभम लोणकर ने पूरी घटना की प्लानिंग की और आरोपियों को पैसे की मदद दी. ध्यान रहे कि लॉरेंस बिश्नोई गैंग के सदस्य शुभम लोणकर और आरजू बिश्नोई ने पहले ही इस घटना की जिम्मेदारी ली थी.