34
बॉलीवुड के ‘भाईजान’ यानी सलमान खान पहली बार एक अनोखी सुपरहीरो कॉमेडी फिल्म करने जा रहे है. इस फिल्म के लिए उन्होंने मशहूर डायरेक्टर जोड़ी राज और डीके (The Family Man फेम) के साथ हाथ मिलाया है. रिपोर्ट के मुताबिक, यह फिल्म हॉलीवुड की मशहूर फिल्म ‘हैनिकॉक’ (Hancock) की तर्ज पर होगी, जिसे पूरी तरह ‘देशी’ अंदाज में पेश किया जाएगा.
कैसा होगा सलमान का किरदार?
इस फिल्म में सलमान एक ऐसे सुपरहीरो का रोल निभाएंगे जो थोड़ा ‘चिड़चिड़ा’ (Grumpy) है और अपनी सुपरहीरो वाली जिंदगी से थक चुका है. वह रिटायरमेंट लेना चाहता है लेकिन हालात उसे ऐसा करने नहीं देते. फिल्म में भारी-भरकम VFX के बजाय मजाकिया संवादों और कॉमेडी पर ज्यादा ध्यान दिया जाएगा. इसकी शूटिंग 2026 में शुरू होने की उम्मीद है.
सलमान ने क्यों उड़ाया था सुपरमैन का मजाक?
एक समय था जब सलमान खान ने सुपरहीरो फिल्मों और खास करके ‘सुपरमैन’ का मजाक उड़ाया था. सलमान ने एक इंटरव्यू में मजाकिया लहजे में कहा था कि उन्हें वे किरदार समझ नहीं आते जो अपनी अंडरवियर पैंट के ऊपर पहनते है. उनका मानना था कि भारतीय दर्शकों को जमीन से जुड़े (Grounded) और देशी एक्शन हीरो ज्यादा पसंद आते है, न कि विदेशी स्टाइल के सुपरहीरो.
अब खुद क्यों कर रहे है सुपरहीरो फिल्म?
सवाल यह है कि जब सलमान को सुपरहीरो पसंद नहीं, तो वह यह फिल्म क्यों कर रहे है? इसका जवाब फिल्म के कॉन्सेप्ट में छिपा है. राज और डीके की यह फिल्म कोई सीरियस ‘सुपरमैन’ या ‘स्पाइडर-मैन’ जैसी फिल्म नहीं है, बल्कि एक ‘सुपरहीरो कॉमेडी’ है. यह सलमान के उसी पुराने मजाकिया अंदाज और ‘देशी’ स्वैग को ध्यान में रखकर लिखी गई है. सलमान को इसका ‘हैनिकॉक’ वाला स्टाइल पसंद आया है, जहां हीरो परफेक्ट नहीं बल्कि थोड़ा टेढ़ा और ‘देसी’ है, जो उनकी इमेज पर बिल्कुल फिट बैठता है.