Salman Khan: सलमान खान की फैन फॉलोइंग किसी से भी छुपी नहीं है. वे अपने फैंस को काफी इंपोर्टेंस देते हैं. हाल ही में सलमान खान की एक फैन रीना ने बताया कि किस तरह से जब उनकी हार्ट सर्जरी होने वाली थी, तो सलमान खान ने उनसे 2 घंटे तक फोन पर बात की. साथ ही सर्जरी के बाद उन्हें अपने घर पर खाना खाने के लिए भी बुलाया गया. रीना ने बताया कि सलमान ने अपने बिजी शेड्यूल से समय निकालकर उनका साथ दिया. रीना ने वॉइस ऑफ बेंगलुरु पर RJ सौजन्या से बात करते हुए बताया कि सलमान खान ने उनकी किस तरह से मदद की.
सलमान खान की फैन ने बताई इमोशनल स्टोरी
सलमान खान की फैन रीना ने कहा, ‘सलमान सर के बारे में बात करते हुए मैं भावुक हो जाऊंगी. सबसे पहले, मैं ये कहना चाहूंगी कि मैं उनसे अपने दिल और अपनी पूरी रूह से प्यार करती हूं. जब मेरी तबीयत ठीक नहीं थी और मेरे पहले हार्ट ट्रांसप्लांट से पहले, मेरे पास उनका नंबर था. बहुत से लोग उन्हें मैसेज करते होंगे, लेकिन उन्होंने मुझे जवाब दिया और मैंने उन्हें बताया कि मैं हार्ट ट्रांसप्लांट करवाने जा रही हूं. उस समय वह ऑस्ट्रेलिया में शूटिंग कर रहे थे. उन्होंने मेरे ट्रांसप्लांट की रात मुझे कॉल किया और हमसे लगभग दो घंटे तक बात की. वह मेरे परिवार के प्रति बहुत दयालु थे और उन्होंने मुझे इस मुश्किल दौर से गुज़रने के लिए हिम्मत दी.’
सलमान खान के घर पर फैन ने की पार्टी
रीना ने ये भी बताया कि पहली बातचीत के बाद उनकी सलमान खान से कोई बातचीत नहीं हुई. हालांकि लेकिन जब उन्होंने अपने फाउंडेशन के सिलसिले में दोबारा उनसे संपर्क किया, तो एक्टर ने उन्हें तुरंत पहचान लिया. दूसरे ट्रांसप्लांट के बाद तो उन्होंने रीना को अपने घर यानी ‘गैलेक्सी अपार्टमेंट्स’ में मेहमान के तौर पर बुलाया. उनका मूड ठीक करने के लिए उन्होंने एक पार्टी भी रखी और रीना गैलेक्सी अपार्टमेंट में रात भर रुकी भी थीं.
रेस 3 के सेट पर गईं रीना
उन्होंने आगे कहा, ‘सलमान खान की हर अदा में दरियादिली झलकती है. हमने पूरी रात उनके घर पर पार्टी की, गाना-बजाना और डांस किया. मेरे दूसरे ट्रांसप्लांट के चार महीने बाद मुझे डायबिटीज़ और कई तरह की दूसरी मेडिकल दिक्कतें हो गई थीं लेकिन उस समय मैं बहुत अच्छा महसूस कर रही थी.’ इतना ही नहीं, सलमान रीना को ‘रेस 3’ के सेट पर भी ले गए थे. उस अनुभव को याद करते हुए उन्होंने कहा, सलमान हमें ‘रेस 3’ के सेट पर ले गए और हमने पूरा दिन वहीं बिताया था. उन्होंने मुझे ‘बीइंग ह्यूमन’ की एक सफेद साइकिल गिफ़्ट की क्योंकि उन्हें याद था कि मैंने बहुत पहले उन्हें इसके बारे में मैसेज किया था.’
सलमान खान का वर्कफ्रंट
सलमान खान के वर्कफ्रंट की बात करें, तो सलमान खान अब अपूर्व लाखिया की फिल्म मातृभूमि में नजर आएंगे, जिसका प्रोडक्शन सलमान खान के प्रोडक्शन हाउस सलमान खान फिल्म्स के बैनर तले किया गया है. इसके अलावा उन्होंने हाल ही में एक और प्रोजेक्ट की घोषणा की है, जो वामशी पैडिपल्ली के निर्देशन में बनने वाला एक एक्शन-ड्रामा है.