Salman-Shah Rukh Khan: 90 के दशक की चर्चित बॉलीवुड अभिनेत्री ममता कुलकर्णी ने ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘करण अर्जुन’ की शूटिंग से जुड़ा एक मजेदार किस्सा साझा किया. उन्होंने बताया कि कैसे उनके को-एक्टर सलमान खान और शाहरुख खान ने उनसे पूरा डांस अकेले ही करवा डाला.
अभिनेत्री ने क्या कहा?
अभिनेत्री ममता कुलकर्णी हाल ही में कॉमेडियन भारती सिंह और सेलिब्रिटी शेफ हरपाल सिंह सोखी के कुकिंग रियलिटी शो ‘सेलिब्रिटी लाफ्टर शेफ्स’ में बतौर अतिथि शामिल हुई थीं. वहां उनसे कॉमेडियन कृष्णा अभिषेक ने ममता से फिल्म ‘करण अर्जुन’ में शाहरुख और सलमान के साथ काम करने के बारे में पूछा. इसपर एक्ट्रेस ने एक घटना का जिक्र किया. उन्होंने बताया, ‘एक गाना ऐसा था जिसकी कोरियोग्राफी असल में सलमान, शाहरुख और मेरे लिए प्लान की गई थी. लेकिन किसी तरह उन दोनों ने सारा ध्यान मुझ पर केंद्रित कर दिया. अभिनेत्री ने बताया कि कोरियोग्राफर मास्टरजी ने शुरू में उनसे कहा था कि गाने में उनकी जरूरत नहीं है और इसमें केवल सलमान और शाहरुख ही नजर आएंगे. इस वजह से वह कमरे में जाकर आराम करने लगी.
सलमान-शाहरुख ने एक्ट्रेस को फंसाया
आगे बातचीत करते हुए ममता कुलकर्णी ने बताया कि कुछ ही देर बार उनके कमरे में किसी ने दस्तक दी. उन्होंने कहा, ‘कुछ समय बाद मेरे दरवाजे पर दस्तक हुई. जब मैंने देखा तो मास्टरजी थे. उन्होंने मुझे बताया कि सलमान और शाहरुख ने उन्हें मना लिया है, और कहा है कि मुझे गाने की कोरियोग्राफी करनी चाहिए, क्योंकि वो इस पर ठीक से नाच नहीं पाएंगे. मैं इसे बेहतर करूंगी और गाना भी मुझपर जंचेगा.’ फिर शो में एक्ट्रेस ने बताया, ‘यह सुनकर वे दोनों निश्चिंत हो गए, जबकि मुझे वापस आकर पूरा डांस करना पड़ा. मैंने अंततः पूरा गाना एक ही शॉट में, एक ही टेक में पूरा किया.’
एक नजर ममता कुलकर्णी के करियर पर
1990 के दशक की लोकप्रिय अभिनेत्रियों में से एक ममता कुलकर्णी ने अपने करियर की शुरुआत फिल्म ‘तिरंगा’ से की थी. इसके बाद उन्होंने ‘क्रांतिवीर’, ‘बाज़ी’, ‘सबसे बड़ा खिलाड़ी’ जैसी कई फिल्मों में काम किया.