Bhagam Bhag Casting Story: अक्षय कुमार, परेश रावल और गोविंदा अभिनीत ‘भागम भाग’ फिल्म ने जबरदस्त सफलता हासिल की थी. प्रियदर्शन की इस फिल्म को लेकर एक ऐसा किस्सा है, जो आपको हैरान कर सकता है. गोविंदा की जगह एक दिग्गज एक्टर को किया गया था कास्ट, फिर उसने खुद ही छोड़ दी फिल्म. आपको बता दें कि वो समय गोविंदा के लिए अच्छा नहीं था, लेकिन इस फिल्म ने उन्हें जीवनदान देने का काम किया था. चलिए जानते हैं उस एक्टर के बारे में.
कौन था वो एक्टर?
वो अभिनेता कोई और नहीं, बल्कि सुनील शेट्टी थे. जी हां गोविंदा से पहले फिल्म ‘भागम भाग’ में सुनील शेट्टी को कास्ट किया गया था. लेकिन एक्टर ने खुद ही फिल्म छोड़ दी. अगर सुनील शेट्टी ने यह रोल किया होता, तो यह आइकॉनिक कॉमेडी फिल्म ‘हेरा फेरी’ के बाद अक्षय-परेश-सुनील की साथ में प्रियदर्शन के साथ दूसरी फिल्म होती.
आखिर क्या था कारण?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, गोविंदा के कैरेक्टर के लिए डायरेक्टर प्रियदर्शन की ओरिजिनल चॉइस सुनील शेट्टी थे. सुनील शेट्टी इस फिल्म के को-प्रोड्यूसर भी थे. उन्होंने खुद यह रोल गोविंदा को दे दिया, क्योंकि वह उन्हें फिल्मों में वापस देखना चाहते थे. रिपोर्ट्स के मुताबिक, गोविंदा ने अपने लिए सही प्रोजेक्ट न मिल पाने की अपनी परेशानी शेयर की. उस समय सुनील शेट्टी ने रोल से हटने का फैसला किया और ‘भागम भाग’ गोविंदा को दे दी.
उस समय संघर्ष कर रहे थे गोविंदा
बताया जाता है कि साल 2003 के बाद गोविंदा राजनीति में सक्रिय हो गए थे, लेकिन बाद में उन्हें महसूस हुआ कि फिल्में ही उनकी असली पहचान हैं. इसलिए 2005 में उन्होंने दोबारा फिल्मों में वापसी करने का फैसला किया और एक अच्छे प्रोजेक्ट की तलाश करने लगे. जल्द ही उन्हें प्रियदर्शन की फिल्म ‘भागम भाग’ में अहम रोल मिला. इस फिल्म के जरिए गोविंदा ने बॉलीवुड में जोरदार वापसी की और उनकी शानदार कॉमिक टाइमिंग को दर्शकों ने खूब पसंद किया.
हिट हुई थी फिल्म
फिल्म ‘भागम भाग’ को 32 करोड़ रुपये के बजट से तैयार किया गया था. इसने बॉक्स ऑफिस पर वर्ल्डवाइड 67 करोड़ रुपये कमाए थे और हिट साबित हुई थी. फिल्म में अक्षय कुमार, परेश रावल और गोविंदा के अलावा राजपाल यादव, लारा दत्ता और तनुश्री दत्ता नजर आए थे.