50
RIP Sunil Thapa : सिनेमा जगत से एक बहुत ही बुरी खबर सामने आई है. भारत और नेपाल की फिल्मों में अपनी खास पहचान बनाने वाले दिग्गज एक्टर सुनील थापा अब हमारे बीच नहीं रहे. 7 फरवरी, 2026 को काठमांडू के एक अस्पताल में उनका निधन हो गया. बताया जा रहा है कि उन्हें अचानक दिल का दौरा (कार्डियक अरेस्ट) पड़ा था. डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की बहुत कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो सके. उनके जाने की खबर सुनकर नेपाल और बॉलीवुड के सितारों में गम का माहौल है.
सुनील थापा ने अपने फिल्मी सफर की शुरुआत साल 1981 में मशहूर फिल्म ‘एक दूजे के लिए’ से की थी. लेकिन बॉलीवुड में उन्हें असली पहचान प्रियंका चोपड़ा की फिल्म ‘मैरी कॉम’ से मिली। इस फिल्म में उन्होंने मैरी कॉम के सख्त और अनुशासन प्रिय कोच का रोल निभाया था, जिसे लोगों ने खूब पसंद किया. हाल ही में वे मनोज बाजपेयी की सुपरहिट वेब सीरीज ‘द फैमिली मैन 3’ में भी नजर आए थे, जहां उन्होंने नागालैंड के एक नेता का दमदार रोल प्ले किया था. उनके निधन पर मनोज बाजपेयी ने भी दुख जताते हुए उन्हें याद किया है.
सुनील थापा का करियर करीब 40 साल लंबा रहा. उन्होंने 300 से ज्यादा नेपाली फिल्मों में काम किया और वहां उन्हें ‘राते काइला’ के नाम से घर-घर में पहचाना जाता था. वे सिर्फ एक बेहतरीन एक्टर ही नहीं थे, बल्कि एक अच्छे फुटबॉलर और फोटोग्राफर भी थे. उनका जाना फिल्म इंडस्ट्री के लिए एक बहुत बड़ा नुकसान है.