11
बिहार मेंं एक सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान मंच पर ही हाई-वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला. एक भोजपुरी महिला सिंगर अपना कार्यक्रम पेश करने के लिए तैयार थी, तभी मंच संचालन (Anchor) कर रहे व्यक्ति ने माइक पर उनके स्टेज शो की फीस या ‘रेट’ को लेकर भद्दी और दोहरे अर्थ वाली टिप्पणी कर दी. एंकर ने मजाक के लहजे में सिंगर की कीमत लगाने की कोशिश की, जो वहां मौजूद लोगों को भी नागवार गुजरी.
एंकर की इस ओछी हरकत पर महिला सिंगर का पारा चढ़ गया और उन्होंने बिना देर किए वहीं ‘ऑन-स्पॉट’ हिसाब बराबर कर दिया. सिंगर ने एंकर के हाथ से माइक छीना और पूरी भीड़ के सामने उसे लताड़ते हुए कहा कि कलाकारों की कला का सम्मान करना सीखें. उन्होंने कड़े शब्दों में चेतावनी दी कि एक महिला कलाकार को इस तरह सरेआम नीचा दिखाना न केवल अभद्र है बल्कि कानूनन अपराध भी है. सिंगर के इस साहस को देखकर वहां मौजूद दर्शकों ने भी तालियां बजाकर उनका समर्थन किया.
सोशल मीडिया पर इस घटना का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें लोग सिंगर की बहादुरी की तारीफ कर रहे है. यूज़र्स का कहना है कि भोजपुरी इंडस्ट्री में अक्सर महिला कलाकारों को पुरुष प्रधान मंचों पर ऐसी अपमानजनक टिप्पणियों का सामना करना पड़ता है. सिंगर द्वारा किए गए इस ‘ऑन-स्पॉट हिसाब-किताब’ ने एक कड़ा संदेश दिया है कि अब महिला कलाकार चुप नहीं रहेंगी और अपनी गरिमा के लिए लड़ना जानती है.