35
80-90 के दशक की मशहूर एक्ट्रेस और पहली ‘फेयर एंड लवली’ गर्ल नीशा सिंह ने करियर के शिखर पर ग्लैमर की दुनिया को अलविदा कह दिया था. फिल्म ‘अंकुश’ के दौरान को-स्टार नाना पाटेकर ने शुरुआत में उन्हें नापसंद किया, लेकिन उनकी प्रतिभा देख बाद में वे उनके सबसे बड़े प्रशंसक बन गए.
कौन है नीशा सिंह?
नीशा सिंह 1980 और 90 के दशक का एक बहुत बड़ा चेहरा थी. उन्हें भारत की पहली ‘फेयर एंड लवली’ गर्ल के रूप में जाना जाता है. उस दौर में वह हर बड़े ब्रांड जैसे लक्मे, नेस्कैफे और बॉम्बे डाइंग के विज्ञापनों में नजर आती थी. नीशा ने कभी मॉडलिंग की योजना नहीं बनाई थी, उन्हें कॉलेज की कैंटीन में एक विज्ञापन के लिए चुना गया था.
नाना पाटेकर को शुरू में नहीं पसंद आई नीशा
जब नीशा ने फिल्मों में कदम रखा, तो उनकी पहली फिल्म ‘अंकुश’ थी. इस फिल्म के हीरो नाना पाटेकर थे. शुरुआत में नाना पाटेकर को नीशा पसंद नहीं आई. उन्होंने डायरेक्टर से मराठी में कहा था कि क्या तुम पागल हो? इस लड़की को फिल्म में कैसे लोगे? उन्हें लगा था कि नीशा एक्टिंग नहीं कर पाएंगी.
जब नाना पाटेकर ने थपथपाई पीठ
शूटिंग के तीसरे दिन जब नाना पाटेकर ने नीशा की एक्टिंग और उनके हाव-भाव देखे, तो वह हैरान रह गए. उन्होंने नीशा के सिर पर हाथ रखा और कहा, ‘तू चल जाएगी’ (यानी तुम अच्छी एक्ट्रेस बनोगी). इसके बाद नाना पाटेकर उनके सबसे अच्छे और मददगार को-स्टार बन गए.
टीवी की दुनिया में भी कमाया नाम
फिल्मों के अलावा नीशा सिंह टीवी पर भी बहुत मशहूर हुई. उन्होंने मशहूर सीरियल ‘बुनियाद’ में काम किया. साथ ही, वह भारत की पहली अंग्रेजी टीवी सीरीज ‘ए माउथफुल ऑफ स्काई’ का भी हिस्सा रहीं. उस समय वह घर-घर में पहचानी जाने लगी थी.
करियर के शिखर पर क्यों गायब हो गई ?
जब नीशा का करियर सबसे ऊंचाई पर था, तभी उन्होंने अचानक शादी कर ली और सिंगापुर शिफ्ट हो गई. अपनी बेटी के जन्म के बाद उन्होंने अपना पूरा ध्यान परिवार पर लगा दिया. उन्होंने ग्लैमर की दुनिया को पूरी तरह छोड़ दिया और अब वह अपनी निजी जिंदगी को मीडिया से दूर रखना पसंद करती है.