Toxic Controversy: अभिनेता यश के जन्मदिन पर निर्माताओं ने फिल्म टॉक्सिक का टीजर रिलीज किया. इसमें एक सीन दिखाया गया है, जिसमें एक्टर यश और मिस्ट्री गर्ल बेहाट्रिज तौफेनबाख को एक कार में इंटीमेट होते दर्शाया गया. इसके बाद ये सीन सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ और तभी से इसकी आलोचना भी हो रही है. कुछ संगठनों ने तो इसे लेकर शिकायत भी कराई है. इस सीन के बाद अभिनेत्री बेहाट्रिज तौफेनबाख ने बड़ा कदम उठाया है. जानिए क्या है वजह….
एक्ट्रेस ने डिलीट किया इंस्टाग्राम अकाउंट
फिल्म ‘टॉक्सिक’ के टीजर में दिखाए गए बोल्ड सीन के बाद से लगातार इसकी आलोचना हो रही है. इसी बीच अभिनेत्री बेहाट्रिज तौफेनबाख ने अपना इंस्टाग्राम अकाउंट डिलीट कर दिया है. यूजर्स द्वारा जब भी उनका अकाउंट सर्च किया जा रहा है, तो वहां लिखकर आ रहा है कि ऐसा कोई भी अकाउंट उपलब्ध नहीं है.
टीजर को लेकर की गई शिकायत
फिल्म के टीजर में दिखाए गए उस बोल्ड सीन के लिए सीबीएफसी को कई शिकायतें मिल रही हैं. आम आदमी पार्टी की वूमने विंग ने टीजर पर आपत्ति जताते हुए कर्नाटक राज्य महिला आयोग में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है. उन्होंने आरोप लगाया है कि इस टीजर में दिखाए गए सीन अश्लील हैं. साथ ही कहा कि यह कन्नड़ सांस्कृतिक मूल्यों को भी कमजोर करती है. इस शिकायत पर केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (सीबीएफसी) के सूत्रों ने बताया कि टीजर डिजिटल प्लेटफॉर्म पर जारी किया गया था, इसलिए यह CBFC के अधिकार क्षेत्र में नहीं आता है. अधिकारियों ने बताया कि जांच और प्रमाण पत्र केवल सिनेमाघरों में प्रदर्शित होने वाली फिल्मों और ट्रेलरों के लिए अनिवार्य है.
कब रिलीज होगी फिल्म?
आगामी फिल्म ‘टॉक्सिक’ में सुपरस्टार यश एक खतरनाक गैंगस्टर राया के रोल में नजर आने वाले हैं. फिल्म की स्टारकास्ट काफी दमदार है, जिसमें यश के साथ नयनतारा, कियारा आडवाणी, तारा सुतारिया, हुमा कुरेशी, अक्षय ओबेरॉय और सुदेव नायर अहम किरदार निभाते दिखाई देंगे. इस फिल्म को गीतू मोहनदास ने निर्देशित किया है. यह फिल्म 19 मार्च 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है. खास बात यह है कि इसी दिन रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर 2’ भी पर्दे पर दस्तक देगी. ऐसे में बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त मुकाबला देखने को मिलेगा.