92
Delhi Concert Misbehavior : हाल ही में दिल्ली के एक बड़े म्यूजिक शो (HT City Unwind) के दौरान पंजाबी सिंगर जैस्मिन सैंडलस ने सबका दिल जीत लिया. जब वह स्टेज पर गाना गा रही थी, तब उन्होंने देखा कि भीड़ में कुछ लड़के महिलाओं के साथ गलत व्यवहार कर रहे है. जैस्मिन को यह देखकर बहुत गुस्सा आया और उन्होंने तुरंत गाना बीच में ही रुकवा दिया. उन्होंने माइक पर साफ शब्दों में कहा कि जब तक मेरी महिला फैंस यहां सुरक्षित महसूस नहीं करेंगी, मैं अपना शो आगे नहीं बढ़ाऊंगी. उन्होंने सिक्योरिटी को बुलाया और उन लड़कों को कॉन्सर्ट से बाहर निकलवा दिया. उनके इस निडर अंदाज की हर तरफ तारीफ हो रही है.
कौन है ‘गुलाबी क्वीन’ जैस्मिन सैंडलस?
जैस्मिन सैंडलस को उनके फैंस ‘गुलाबी क्वीन’ के नाम से बुलाते है. उनका जन्म पंजाब के जालंधर में हुआ था, लेकिन वह बचपन में ही अपने परिवार के साथ अमेरिका चली गई थी. वह एक पढ़ी-लिखी कलाकार है और उन्होंने साइकोलॉजी (मनोविज्ञान) की पढ़ाई की है. जैस्मिन को असली पहचान सलमान खान की फिल्म ‘किक’ के गाने यार ना मिले से मिली थी. इसके बाद उन्होंने ‘इलीगल वेपन’ और हाल ही में फिल्म धुरंधर में ‘शरारत’ जैसे कई सुपरहिट गाने गाए है. वह अपने बोल्ड अंदाज और बेबाक आवाज के लिए जानी जाती है.
आलीशान जिंदगी और करोड़ों की संपत्ति
जैस्मिन सैंडलस अपनी लग्जरी लाइफस्टाइल और महंगे शौक के लिए हमेशा चर्चा में रहती है. उनकी कुल संपत्ति (Net Worth) लगभग 8.5 करोड़ रुपये है. उनकी कमाई का मुख्य जरिया उनके वर्ल्ड टूर और लाइव शो है, जिसके लिए वह मोटी फीस लेती है. जैस्मिन को गुलाबी रंग, टैटू और लग्जरी गाड़ियों का बहुत शौक है. वह कैलिफोर्निया में एक आलीशान घर में रहती है और उनकी सोशल मीडिया पोस्ट्स से उनकी हाई-फाई जिंदगी की झलक साफ दिखाई देती है.
विवादों और धमकियों का सामना
जैस्मिन की जिंदगी विवादों और चुनौतियों से भरी रही है. पंजाबी सिंगर गैरी संधू के साथ उनका रिश्ता और फिर ब्रेकअप सोशल मीडिया पर काफी समय तक चर्चा में रहा. यही नहीं, 2023 के बाद से उन्हें कई बार गैंगस्टरों की तरफ से जान से मारने की धमकियां भी मिलीं, लेकिन जैस्मिन कभी नहीं डरीं. इन धमकियों के बावजूद उन्होंने दिल्ली जैसे शहरों में अपने शो जारी रखे और भारी सुरक्षा के बीच परफॉर्म किया. वह हमेशा अपने गानों और बातों के जरिए महिलाओं को अपनी आवाज उठाने के लिए प्रेरित करती है.