20
साउथ सिनेमा की सबसे पसंदीदा जोड़ियों में से एक, विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना, अपनी शादी की खबरों को लेकर एक बार फिर चर्चा में है. सोशल मीडिया पर एक वेडिंग कार्ड तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें उनकी शादी की तारीख और रिसेप्शन की जानकारी दी गई है.
26 फरवरी को उदयपुर में शादी की चर्चा
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वेडिंग कार्ड के अनुसार, विजय और रश्मिका 26 फरवरी 2026 को शादी के बंधन में बंध सकते है. खबरों की मानें तो यह शादी राजस्थान के उदयपुर में एक बेहद खूबसूरत और आलीशान महल (हेरिटेज पैलेस) में होगी. यह एक निजी समारोह होगा, जिसमें केवल परिवार के सदस्य और कुछ खास दोस्त ही शामिल होंगे.
हैदराबाद में होगा भव्य रिसेप्शन
शादी के बाद की रस्मों के लिए भी तारीख सामने आई है. कार्ड के मुताबिक, 4 मार्च 2026 (बुधवार) को हैदराबाद के मशहूर होटल ताज कृष्णा में एक ग्रैंड रिसेप्शन रखा जाएगा. इस समारोह में फिल्मी दुनिया के सितारों के साथ-साथ राजनीति के बड़े चेहरों के शामिल होने की भी संभावना है.
वायरल कार्ड में क्या है खास संदेश?
इंटरनेट पर जो वेडिंग कार्ड लीक हुआ है, उसमें विजय देवरकोंडा की ओर से एक इमोशनल मैसेज लिखा है. मैसेज में लिखा है, ‘ मैं अपनी जिंदगी की एक खास खबर आप सभी के साथ साझा कर रहा हूं. हमारे परिवारों के प्यार और आशीर्वाद के साथ, रश्मिका और मैं 26 फरवरी को एक सादे और निजी समारोह में शादी करने जा रहे है. इस मैसेज ने फैन्स की धड़कनें बढ़ा दी है.
एयरपोर्ट पर साथ स्पॉट हुए विजय और रश्मिका
इन चर्चाओं के बीच, हाल ही में रश्मिका और विजय को मुंबई एयरपोर्ट पर एक साथ देखा गया. हालांकि दोनों कैमरों के सामने अलग-अलग आए, लेकिन बाद में वे एक ही गाड़ी में बैठकर रवाना हुए. जब पैपराजी ने रश्मिका को शादी की बधाई दी, तो उन्होंने शर्माते हुए कहा कि उन्हें इस बारे में कुछ नहीं पता. लेकिन उनकी मुस्कुराहट ने फैन्स को इशारा दे दिया कि कुछ तो पक रहा है.
क्या सितारों ने की आधिकारिक पुष्टि?
भले ही शादी का कार्ड और रिसेप्शन का न्योता हर तरफ वायरल है, लेकिन विजय या रश्मिका ने अब तक इस पर कोई ऑफिशियल बयान नहीं दिया है. रिपोर्ट्स की मानें तो विजय ने हाल ही में तेलंगाना के मुख्यमंत्री से भी मुलाकात की है, जिसे लोग शादी का न्योता देने से जोड़कर देख रहे है. फिलहाल फैन्स को सितारों की तरफ से आधिकारिक घोषणा का इंतजार है.