19
सलमान खान की चहेती अभिनेत्री जरीन खान की मां परवीन खान का आज 8 अप्रैल को निधन हो गया. बताया गया कि वह लंबे समय से बीमार थीं. इस घटना से जरीन खान पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. जानकारी के अनुसार आज ही उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा.
एक्ट्रेस की टीम ने दी जानकारी
अभिनेत्री जरीन खान की टीम ने आधिकारिक बयान जारी किया है. इसमें कहा गया, ‘यह सूचित किया जाता है कि हमारी प्रिय सुश्री परवीन खान, जरीन खान और सना खान की माता का 8 अप्रैल को निधन हो गया.’
आज होगा अंतिम संस्कार
साथ ही बताया गया है कि अभिनेत्री जरीन खान की मां का अंतिम संस्कार 8 अप्रैल, 2026 को सुबह 10 बजे मुंबई के वर्सोवा में निर्धारित है.
मां के लिए पूरी तरह समर्पित थीं जरीन खान
2016 में, जरीन खान की मां की हार्ट सर्जरी हुई थी. इसके बाद, अभिनेत्री ने कथित तौर पर उनकी देखभाल के लिए शूटिंग से ब्रेक लेने का फैसला किया था. खबरों के अनुसार, जरीन अपने परिवार की एकमात्र कमाने वाली सदस्य थीं और घर के सभी लोगों की जिम्मेदारी उन्हीं पर थी.
जरीन खान का करियर
जरीन खान ने बॉलीवुड में डेब्यू फिल्म वीर से किया था. उनकी एंट्री सलमान खान ने करवाई थी. इस फिल्म के बाद एक्ट्रेस ने अभिनय करियर में कई बॉलीवुड फिल्मों में काम किया है. इस लिस्ट में ‘हाउसफुल 2’, ‘आई एम अलोन’, ‘सो आर यू’ और ‘जट्ट जेम्स बॉन्ड’ जैसी फिल्में शामिल हैं. उन्हें आखिरी बार पॉकेट टीवी पर उपलब्ध मिनी टीवी सीरीज ‘फिर से रीस्टार्ट’ में देखा गया था. साथ ही उन्हें हाल ही में पवन सिंह के साथ एक गाने में भी देखा गया था.