नासा ने आर्टेमिस II मिशन के दौरान ओरियन कैप्सूल से ली गई पृथ्वी की लुभावनी उच्च-रिज़ॉल्यूशन तस्वीरें जारी की हैं. ये तस्वीरें चंद्रमा यात्रा के दौरान अंतरिक्ष यात्रियों ने लीं हैं.
अभी तक पृथ्वी की इस तरह की तस्वीरें कभी नहीं ली गयीं. 1972 के अपोलो मिशन के बाद पहली बार इंसान ने धरती की कक्षा पार की है. बता दें कि यह तस्वीर नासा के आर्टेमिस II के क्रू ने ली थी.
मिशन का विवरण
आर्टेमिस II नासा का पहला मानवयुक्त चंद्र अभियान है, जो 1 अप्रैल 2026 को कैनेडी स्पेस सेंटर से लॉन्च हुआ. इस मिशन में चार सदस्यीय दल- कमांडर रीड विसमैन, पायलट विक्टर ग्लोवर, मिशन स्पेशलिस्ट क्रिस्टीना कोच और कनाडाई जेरेमी हैंसेन शामिल हैं. ये अंतरिक्ष यात्री चंद्रमा की परिक्रमा कर 10 दिनों बाद पृथ्वी पर लौटेंगे. यह 50 वर्षों में पहली बार है जब मनुष्य पृथ्वी की निचली कक्षा पार करके आगे जा रहे हैं.
तस्वीरों की खासियत
तस्वीरों में पृथ्वी चमकीले नीले महासागरों, भूरे रंग की जमीन और हरे आकाशीय उत्तेजना (aurora) के साथ दिखाई दे रही है. नासा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पहले ट्विटर) पर तस्वीर पोस्ट करते हुए लिखा, “हम अपनी धरती को एक साथ देखते हैं, जो नीले-भूरे रंगों में जगमगा रही है.” और साथ में कैप्शन दिया- That’s us! ये तस्वीरें वैज्ञानिकों को वायुमंडलीय घटनाओं का अध्ययन करने में मदद करेंगी.
इस तस्वीर में पृथ्वी हमें उल्टी दिखाई देती है, जिसमें पश्चिमी सहारा और दक्षिण अमेरिका का पूर्वी हिस्सा दाईं ओर दिखाई देता है. ये तस्वीर उस समय ली गईं, जब चालक दल ने शुक्रवार की सुबह सफलापूर्वक ट्रांस-लूनर इंजेक्शन बर्न पूरा कर लिया था.
1972 ➡️2026
Apollo 17 ➡️ Artemis II pic.twitter.com/wGc2wtY0e2— NASA (@NASA) April 3, 2026
विश्वव्यापी प्रतिक्रिया
ये तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो गईं. कुछ ही घंटों में इस पोस्ट को 55 लाख से ज्यादा व्यूज और 2 लाख से ज्यादा लाइक मिल चुके हैं. लोगों ने तस्वीर की स्पष्टता और पृथ्वी के दृश्य पर खूब कमेंट्स किये. एक यूजर ने लिखा, मैं सचमुच एक पूरे मिनट के लिए स्क्रॉल करना भूल गया और बस इसे ही देखता रहा.