Liquor Increasing Heart and Liver Disease: शराब पीना बुरी बात है. इसके सेवन से कई बीमारियों का खतरा बढ़ता है. ये बात जनहित में जारी होने के बाद भी लोग इसका खूब सेवन करते हैं. 2 दिन बाद होली है. इस दिन तो बड़ी संख्या में लोग नशे में टल्ली दिखाई देंगे. बेशक ये फायदेमंद हो, उनके लिए जो कभी-कभार और सीमित मात्रा में पीते हों. लेकिन, अधिक शराब पीने वालों में दिल और जिगर (लिवर) से जुड़ी कई बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है. शराब की लत की वजह से लिवर से जुड़ी कई तरह की बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है. अब सवाल है कि आखिर शराब किस तरह से लिवर को प्रभावित करती है? लिवर की खराबी से किन बीमारियों का खतरा बढ़ता है? अधिक शराब का सेवन दिल के लिए कैसे घातक? इन सवालों के बारे में बता रहे हैं धनवंतरी क्लिनिक नोएडा के (इंटिग्रेटेड चिकित्सक) डॉ. संजय कुमार वार्ष्णेय-
शराब पीने की लत से लिवर पर क्या असर?
डॉक्टर की मानें तो, शराब में अल्कोहल की मात्रा बहुत अधिक होती है, जो वैसे तो शरीर के सभी अंगों के लिए नुकसानदायक है लेकिन शराब का सबसे ज्यादा बुरा असर लिवर पर पड़ता है, दरअसल शराब पीने से लिवर का कैंसर, फैटी लिवर की समस्या और लिवर सिरोसिस की समस्या हो सकती है. यदि लिवर एक बार खराब हो जाए, तो दोबारा ठीक होने में समय लग सकता है या फिर शराब के अत्यधिक सेवन से लिवर के डैमेज होने का खतरा बढ़ सकता है.
शराब दिल की सेहत पर कैसे करती है वार
अधिक मात्रा में शराब के सेवन से रक्त धमनियों में एक प्रकार की बाधा उत्पन्न हो सकती है, जिसे एथरोस्क्लेरोसिस के नाम से जाना जाता है. एथरोस्क्लेरोसिस के चलते एक अथवा कई रक्त धमनियां थोड़ी या फिर पूरी तरह से ब्लॉक हो जाती हैं, जिससे रक्त के प्रवाह पर असर पड़ता है. अनियंत्रित कैड की वजह से एक समय के बाद हार्ट अटैक की आशंका बढ़ जाती है.
शराब पीने से लिवर की किन बीमारियों का खतरा?
पेट में दर्द और सूजन: हेल्थ एक्सपर्ट के अनुसार, यदि पेट में दर्द होने के साथ-साथ सूजन की समस्या बनी रहती है तो यह भी लिवर खराब होने का लक्षण हो सकता है. इस तरह के लक्षण महसूस होने पर तुरंत लिवर का चेकअप करा लेना चाहिए.
आंखों में पीलापन: आंखों में यदि पीलापन दिख रहा है तो यह लिवर खराब होने का संकेत हो सकता है इसलिए डॉक्टर से तुरंत चेकअप करा लेना चाहिए. इसके साथ ही त्वचा यदि अधिक सफेद नजर आ रही है तो यह भी लिवर खराब होने का संकेत है. लिवर खराब होने पर अक्सर पीलिया होने के कारण आंखें और नाखून पीले दिखने लग जाते हैं. जो लोग शराब का सेवन अत्यधिक करते हैं, उन्हें भी इस समस्या का सामना करना पड़ सकता है.
कमजोरी: व्यक्ति को यदि अधिक कमजोरी महसूस हो रही है तो यह लिवर खराब होने का एक अन्य लक्षण हो सकता है. कमजोरी महसूस होने के अन्य कारणों का पता नहीं लग रहा है तो लिवर का चेकअप जरूर करा लेना चाहिए.
उल्टी की समस्या: लिवर में समस्या होने पर व्यक्ति को उल्टी होने लगती है. इसके साथ ही गैस एसिडिटी की समस्या भी हो सकती है. अधिकतर लोग उल्टी होने पर इसे सामान्य समझते हैं लेकिन यह लिवर खराब होने के गंभीर संकेत माने जा सकते हैं.
पैरों और घुटनों में सूजन: यदि पैरों और घुटनों में तकलीफ हो रही है तो ऐसे में लिवर की जांच करवा लेना चाहिए. लिवर खराब होने पर घुटने और पैरों में दर्द और सूजन की समस्या हो सकती है.
त्वचा में खुजली: लिवर खराब होने पर त्वचा पर भी प्रभाव पड़ सकता है, इसके कारण खुजली हो सकती है. कई बार लोग खुजली का कारण ठीक से पता नहीं लगा पाते हैं. हालांकि कई लोग डर्मेटोलॉजिस्ट से संपर्क करते हैं लेकिन यदि उपचार लेने के बावजूद भी उनकी यह समस्या बरकरार रहती है ऐसे में उन्हें अपने लिवर का चेकअप करवा लेना चाहिए.