Ayushman Bharat: आयुष्मान भारत योजना (PM-JAY) भारत सरकार की प्रमुख स्वास्थ्य योजना है. यह आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को प्रतिवर्ष 5 लाख रुपये तक का मुफ्त स्वास्थ्य बीमा कवर प्रदान करती है. वर्तमान में इस योजना में 10 करोड़ से अधिक परिवार शामिल हैं. 2018 में शुरू की गयी आयुष्मान भारत योजना, सार्वभौमिक स्वास्थ्य कवरेज (UHC) के दृष्टिकोण को साकार करने के लिए राष्ट्रीय स्वास्थ्य नीति 2017 की सिफारिशों के अनुरूप, भारत सरकार का एक प्रमुख कार्यक्रम है.
आयुष्मान भारत का लक्ष्य गरीबों को गंभीर बीमारियों के इलाज का खर्च से मुक्ति देना है. इसमें कैशलेस उपचार मिलता है. सरकारी और अधिकृत निजी अस्पतालों में भर्ती पर सभी खर्च कवर होते हैं, जिसमें प्री-एग्जिस्टिंग बीमारियां भी शामिल हैं.
आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के बारे में
AB PM-JAY विश्व की सबसे बड़ी सार्वजनिक रूप से वित्त पोषित स्वास्थ्य बीमा योजना है, जो द्वितीयक और तृतीयक देखभाल के लिए अस्पताल में भर्ती होने हेतु प्रति परिवार प्रति वर्ष 5 लाख रुपये तक की राशि प्रदान करती है. AB PM JAY योजना के तहत, परिवार के आकार, आयु या लिंग पर कोई सीमा नहीं है, जिससे सभी लाभार्थियों के लिए समावेशिता सुनिश्चित होती है. यह 1,949 चिकित्सा प्रक्रियाओं को कवर करता है, जिसमें मुफ्त दवाएं, निदान, भोजन, आवास और डिस्चार्ज के बाद 15 दिनों की दवा शामिल है.
योजना के तहत कवर की गई बीमारियां
इस योजना में 1,578 प्रकार की बीमारियां और 3,500 से अधिक चिकित्सा प्रक्रिया शामिल हैं. हेल्थ बेनिफिट पॅकेज 2.0 (HBP 2.0) पैकेज के तहत ये प्रमुख रोग कवर होते हैं. सबसे पहले जानते हैं इसके अंतर्गत किन सर्जरीस को शामिल किया गया है:
- डबल वाल्व रिप्लेसमेंट: इसके अंतर्गत हृदय की दो वाल्वों का प्रतिस्थापन किया जाता है. कार्डियक सर्जरी में यह एक महत्वपूर्ण सर्जरी है.
- कैरोटिड एंजियोप्लास्टी: यह गर्दन की धमनियों को खोलने की प्रक्रिया है जो स्ट्रोक रोकथाम के लिए की जाती है
- प्रोस्टेट कैंसर: पुरुषों में प्रोस्टेट ग्रंथि का कैंसर आम होता जा रहा है. योजना के तहत इसके लिए सर्जरी और कीमोथेरेपी कवर किया गया है.
- स्कल बेस सर्जरी: ब्रेन से ट्यूमर हटाने के लिए खोपड़ी के आधार की यह एक कॉम्प्लेक्स सर्जरी है.
- एंटीरियर स्पाइन सर्जरी: आयुष्मान भारत योजना के तहत एंटीरियर स्पाइन सर्जरी को भी शामिल किया गया है.
- पेसमेकर इम्प्लांटेशन: जिन लोगों को हार्ट से संबंधित समस्या होती है, उनके लिए पेसमेकर इम्प्लांटेशन को भी इस योजना में कवर किया गया है.
- रेनल ट्रांसप्लांटेशन: किडनी की समस्या होने पर या क्रॉनिक किडनी फेलियर में किडनी ट्रांसप्लांट का खर्च भी इस योजना के तहत कवर किया जाता है.
- कॉर्नियल ट्रांसप्लांटेशन: आंख की कॉर्निया प्रत्यारोपण की सर्जरी भी इस योजना के तहत शामिल है.
- पीडियाट्रिक कैंसर: यह आमतौर पर बच्चों को होने वाला कैंसर है, जिसके इलाज के लिए सर्जरी और कीमोथेरेपी इस योजना के तहत शामिल की गयी है.
- न्यूरोसर्जरी- मस्तिष्क से रिलेटेड किसी बीमारी में यदि सर्जरी आवश्यक है तो, उसे भी इस योजना के तहत कवर किया जाता है.
- जलना: गंभीर रूप से जलने पर इलाज और स्किन ग्राफ्टिंग का खर्च इस योजना के तहत शामिल है.
- जन्मजात हृदय संबंधी दोष: बच्चों के जन्मजात हार्ट डिफेक्ट्स का ऑपरेशन भी इस योजना में शामिल है.
- माता की सर्जरी: प्रसव संबंधी जटिलताओं में सी-सेक्शन या अन्य इलाज को भी इस योजना में शामिल किया गया है.
- हिप रिप्लेसमेंट: आर्थराइटिस में हिप रिप्लेसमेन्ट की सर्जरी का खर्च भी इस योजना में शामिल किया गया है.
अन्य प्रमुख श्रेणियां
इन सब बड़ी सर्जरी के अलावा हृदय रोग (कार्डियोलॉजी), कैंसर (मेडिकल, सर्जिकल, रेडिएशन ऑन्कोलॉजी), ऑर्थोपेडिक्स (घुटना प्रत्यारोपण), न्यूरोसर्जरी, बालरोग, मोतियाबिंद, डायलिसिस और कोरोना जैसी कई बीमारियों और संक्रमणों के इलाज में यह योजना आर्थिक सहायता प्रदान करती है.
लाभार्थी आयुष्मान कार्ड से कैशलेस इलाज लेते हैं. अधिक जानकारी के लिए इसकी हेल्पलाइन 14555 पर संपर्क करें. यह योजना गरीबों के लिए वरदान है, जिसने लाखों जिंदगियां बचाईं हैं.