Honeymoon Cystitis: हनीमून सिस्टाइटिस कोई अलग बीमारी नहीं है, बल्कि यह एक तरह का यूरिन इंफेक्शन (UTI) होता है, जो अक्सर यौन संबंध बनाने के बाद हो जाता है खासकर यह समस्या नई शादीशुदा महिलाओं में ज्यादा देखी जाती है, इसलिए इसे ‘हनीमून सिस्टाइटिस’ कहा जाता हैजब लंबे समय बाद या शुरुआत में ज्यादा शारीरिक संबंध बनते हैं, तो इस दौरान बैक्टीरिया मूत्रमार्ग (यूरिन पास होने वाली नली) में पहुंच सकते हैं और वहीं बढ़ने लगते हैं, जिससे इंफेक्शन हो जाता है
इस परेशानी के पीछे कई कारण हो सकते हैं जैसे संबंध बनाने के दौरान प्राइवेट पार्ट के आसपास मौजूद बैक्टीरिया यूरिनरी ट्रैक्ट में पहुंच जाते हैं या महिलाओं की यूरिन नली छोटी होती है, इसलिए बैक्टीरिया जल्दी अंदर पहुंच जाते हैं वहीं कभी-कभी लगातार या ज्यादा एक्टिविटी होने से इंफेक्शन का खतरा बढ़ जाता है.
हनीमून सिस्टाइटिस के लक्षण
- बार-बार पेशाब आने का मन करना
- पेशाब करते समय जलन या दर्द
- पेट के निचले हिस्से में भारीपन या दर्द
- पेशाब का रंग धुंधला या बदबूदार होना
- कभी-कभी पेशाब में खून आना
- ज्यादा इंफेक्शन होने पर बुखार या ठंड लगना
- कमजोरी और थकान महसूस होना
हर व्यक्ति में लक्षण अलग हो सकते हैं, लेकिन अगर ये परेशानी 2-3 दिन तक बनी रहे तो डॉक्टर से जरूर मिलना चाहिए.
डॉक्टर कैसे पहचानते हैं?
डॉक्टर सबसे पहले आपके लक्षणों के बारे में पूछते हैं और फिर कुछ टेस्ट कराते हैं:
यूरिन टेस्ट
इससे पता चलता है कि इंफेक्शन है या नहीं
यूरिन कल्चर
इसमें यह पता लगाया जाता है कि कौन सा बैक्टीरिया है और कौन सी दवा असर करेगी
जरूरत पड़ने पर अल्ट्रासाउंड या अन्य टेस्ट भी कराए जा सकते हैं
इससे बचाव कैसे करें?
कुछ आसान आदतें अपनाकर इस समस्या से काफी हद तक बचा जा सकता है:
- संबंध बनाने से पहले और बाद में पेशाब जरूर करें
- दिनभर में भरपूर पानी पिएं
- प्राइवेट पार्ट की साफ-सफाई का ध्यान रखें
- बहुत ज्यादा केमिकल या खुशबू वाले प्रोडक्ट्स इस्तेमाल न करें
- संबंध के दौरान लुब्रिकेशन का ध्यान रखें ताकि घर्षण कम हो
- अगर बार-बार इंफेक्शन होता है तो डॉक्टर से सलाह लें
क्या है इलाज?
अगर हनीमून सिस्टाइटिस हो जाए तो घबराने की जरूरत नहीं है, इसका इलाज संभव है:
- डॉक्टर आमतौर पर एंटीबायोटिक दवाएं देते हैं
- दर्द या जलन के लिए हल्की दवाएं भी दी जा सकती हैं
- ज्यादा से ज्यादा पानी पीना जरूरी होता है
क्या यह खतरनाक है?
अच्छी बात यह है कि सही समय पर इलाज लेने से यह समस्या कुछ ही दिनों में ठीक हो जाती है,लेकिन अगर लापरवाही की जाए तो बार-बार हो सकती है,हनीमून सिस्टाइटिस एक आम समस्या है लेकिन इसको नजरअंदाज नहीं करना चाहिए.यह ज्यादातर नई शादीशुदा महिलाओं में होती है, लेकिन सही जानकारी और थोड़ी सावधानी से इसे आसानी से रोका जा सकता है,अगर कभी भी जलन, दर्द या बार-बार पेशाब आने जैसी समस्या हो, तो देर न करें और डॉक्टर से संपर्क करें.