Eating Before Bed Risks: आजकल की अनहेल्दी लाइफस्टाइल कई गंभीर बीमारियों की जड़ है. सबसे ज्यादा पाचन से जुड़ी बीमारियां देखने को मिलती हैं. कई लोगों की शिकायत रहती है कि उन्हें डाइजेशन की समस्या है, रात को नींद नहीं आती और वजन बढ़ता जा रहा है. आपको बता दें कि इस समस्या की सबसे बड़ी वजह रात के भोजन के तुरंत बाद बिस्तर पर चले जाना हो सकता है. जी हां, शोधों में पाया गया है कि अगर आप खाकर तुरंत बेड पर चले जाते हैं तो इससे आपका पाचनतंत्र बिगड़ सकता है. अब सवाल है कि आखिर खाने के तुरंत बाद सोने के क्या नुकसान हैं? सेहतमंद रहने के लिए खाने के बाद क्या करें? आइए जानते हैं इस बारे में-
हेल्थलाइन की रिपोर्ट के मुताबिक, खाना खाने के बाद लेटना सिर्फ पाचन ही नहीं, बल्कि हार्ट, फेफड़ों और नींद की क्वालिटी तक को प्रभावित करता है. यह आदत शुरुआत में मामूली लगती है, लेकिन लंबे समय में गंभीर बीमारियों की वजह बन सकती है. ऐसे में अगर आप खाना खाने के बाद 10 मिनट भी वॉक कर लें तो आपका पाचन तंत्र बेहतर तरीके से काम कर पाता है. साथ ही, आपका ब्लड प्रेशर, हार्ट रेट, वेट आदि सभी बेहतर तरीके से काम करते हैं.
खाते ही लेट जाना कितना खतरनाक?
हेल्थ एक्सपर्ट की मानें तो, खाना खाने के बाद शरीर को उसे पचाने के लिए सही पोजिशन और समय चाहिए होता है. जब आप तुरंत लेट जाएंगे, तो पाचन की प्रक्रिया बिगड़ जाएगी और एसिड ऊपर की ओर आने लगता है. यह आदत खासतौर पर उन लोगों के लिए ज्यादा खतरनाक है, जिन्हें पहले से गैस, एसिडिटी, मोटापा या डायबिटीज की समस्या है.
खाना खाने के बाद तुरंत लेटने के नुकसान
सीने में जलन: खाना खाने के बाद पेट में बनने वाला एसिड पाचन के लिए जरूरी होता है. ऐसे में, जब आप तुरंत लेट जाते हैं, तो गुरुत्वाकर्षण (gravity) का असर खत्म हो जाता है और एसिड ऊपर की ओर फूड पाइप में आने लगता है. इससे सीने में जलन, खट्टी डकार, गले में जलन या खांसी हो सकती है. इसकी अनदेखी से GERD (एसिड रिफ्लक्स डिजीज) की समस्या हो सकती है.
बिगड़ जाएगा पाचन: जब भी हम बिस्तर पर जाते हैं तो लेटते ही हमारा शरीर रिलैक्स मोड में चला जाता है. जबकि, पाचन के लिए शरीर को एक्टिव रहना चाहिए. इसके कारणों में पेट भारीपन, गैस, अपच और कब्ज की समस्या हो सकती है.
मोटापा: खाने के तुरंत बाद लेटने से शरीर आवश्यक मात्रा में कैलोरी बर्न नहीं कर पाता है. लंबे समय तक ऐसा करने से धीरे-धीरे वजन बढ़ना, पेट और कमर के आसपास चर्बी, मोटापे से जुड़ी बीमारियां हो सकती हैं.
दिल को नुकसान: खराब पाचन और एसिड रिफ्लक्स का असर हार्ट पर भी पड़ता है. ऐसे में बार-बार सीने में जलन और दबाव हार्ट से जुड़ी समस्याओं को बढ़ा सकता है.
अनिद्रा: अगर आप यह सोचते हैं कि खाना खाकर लेटने से नींद जल्दी आ जाएगी, तो यकीन मानिए कि आप गलत हैं. क्योंकि, सच्चाई इसके इतर है. हेल्थ एक्सपर्ट कहते हैं कि खाते ही लेटने से बार-बार नींद टूटना, बेचैनी, सुबह उठते ही थकान की समस्या हो सकती है.
भोजन करने के बाद वॉक क्यों करना चाहिए
- रात के खाने के बाद टहलने से हमारा पाचन तंत्र बेहतर तरीके से काम कर पाता है.
- अगर आप रात को कुछ देर वॉक करने के बाद सोते हैं तो आपका मेटाबॉलिज्म बूस्ट रहता है.
- जब आप रात को वॉक करते हैं तो यह आपके बॉडी को डिटॉक्स करने में भी मदद करता है.
- रात खाने के बाद टहलने से ब्लड शुगर लेवल नियंत्रित रहता है जिससे हाइपरग्लेसेमिया का खतरा खत्म होता है.
- जब आप वॉक करते हैं तो आपके रात की नींद बेहतर होती है जिससे आप दिनभर बेहतर महसूस करते हैं.