Oatmeal vs Eggs: सुबह का नाश्ता दिन की सबसे जरूरी शुरुआत माना जाता है. ऐसे में लोग अक्सर कन्फ्यूज रहते हैं कि ओटमील खाएं या अंडे. दोनों ही हेल्दी माने जाते हैं और जल्दी बन भी जाते हैं, लेकिन इनके फायदे अलग-अलग हैं. सही चुनाव इस बात पर निर्भर करता है कि आप अपनी डाइट से क्या पाना चाहते हैं.अगर बात प्रोटीन की करें तो अंडे साफ तौर पर आगे हैं. दो उबले अंडों में अच्छी मात्रा में हाई-क्वालिटी प्रोटीन मिलता है, जो शरीर को मजबूत बनाने और मसल्स ग्रोथ में मदद करता है. यही वजह है कि जिम करने वाले या वजन घटाने की कोशिश करने वाले लोग अंडों को ज्यादा पसंद करते हैं.
ओटमील में भी प्रोटीन होता है, लेकिन इसकी मात्रा कम होती है. हालांकि इसमें कार्बोहाइड्रेट ज्यादा होते हैं, जो शरीर को दिनभर की एनर्जी देते हैं.
फाइबर और पाचन के लिए क्या चुनें?
फाइबर के मामले में ओटमील सबसे आगे है. इसमें मौजूद फाइबर पाचन को बेहतर बनाता है और लंबे समय तक पेट भरा हुआ महसूस कराता है. खासतौर पर इसमें पाया जाने वाला बीटा-ग्लूकन दिल की सेहत और ब्लड शुगर को कंट्रोल रखने में मदद करता है.वहीं अंडों में फाइबर बिल्कुल नहीं होता, इसलिए अगर आपका फोकस पाचन सुधारने या वजन कंट्रोल पर है, तो ओटमील बेहतर विकल्प हो सकता है.
वजन घटाने और हेल्थ के लिए कौन सही?
वजन घटाने की बात करें तो दोनों ही अपने-अपने तरीके से मदद करते हैं. अंडे कम कैलोरी और ज्यादा प्रोटीन वाले होते हैं, जिससे पेट लंबे समय तक भरा रहता है और बार-बार भूख नहीं लगती.दूसरी तरफ, ओटमील धीरे-धीरे पचता है और शरीर को लगातार ऊर्जा देता है. इससे ओवरईटिंग कम होती है और वजन कंट्रोल में रहता है.अंडों में कुछ जरूरी पोषक तत्व जैसे कोलीन और आंखों के लिए फायदेमंद एंटीऑक्सीडेंट भी होते हैं. वहीं ओटमील में मिनरल्स और फाइबर भरपूर मात्रा में मिलता है, जो शरीर को अंदर से मजबूत बनाता है.
क्या है निष्कर्ष?
अगर आपको ज्यादा प्रोटीन चाहिए तो अंडे बेहतर हैं, लेकिन फाइबर और पाचन के लिए ओटमील सही रहेगा. सबसे अच्छा तरीका यह है कि दोनों को संतुलित मात्रा में अपनी डाइट में शामिल किया जाए, ताकि शरीर को पूरा पोषण मिल सके.