Multivitamins: आजकल सेहत के प्रति बढ़ती जागरूकता के चलते, मल्टीविटामिन सप्लीमेंट्स लेने का चलन तेजी से बढ़ा है. कई लोग बिना डॉक्टर की सलाह लिए ही रोजाना मल्टीविटामिन लेना शुरू कर देते हैं; लेकिन, क्या यह सचमुच हर किसी के लिए जरूरी है? एक्सपर्ट के मुताबिक, जहां कुछ लोगों को इनकी विशेष आवश्यकता होती है, वहीं इन्हें गलत तरीके से या अत्यधिक मात्रा में लेना वास्तव में नुकसानदायक हो सकता है.
रोज मल्टीविटामिन लेना सही या नुकसानदेह?
आरएमएल अस्पताल के मेडिसिन विभाग में एक डायरेक्टर प्रोफेसर के अनुसार, हर किसी के लिए रोज़ाना मल्टीविटामिन लेना जरूरी नहीं है. अगर कोई व्यक्ति संतुलित और पौष्टिक आहार लेता है जिसमें फल, सब्ज़ियां, अनाज, दालें और प्रोटीन शामिल हों तो शरीर को आमतौर पर ज़रूरी विटामिन और मिनरल सीधे भोजन से ही मिल जाते हैं. ऐसे मामलों में, बिना किसी खास ज़रूरत के रोज़ाना मल्टीविटामिन लेना ज़रूरी नहीं माना जाता.
मल्टीविटामिन कई लोगों के लिए फायदेमंद
कुछ मामलों में, विटामिन की अत्यधिक मात्रा लेने से शरीर पर बुरे असर पड़ सकते हैं. उदाहरण के लिए, कुछ खास विटामिन जैसे A, D, E, और K शरीर में जमा हो सकते हैं और अगर ज्यादा मात्रा में लिए जाएं, तो नुकसान पहुंचा सकते हैं. जब डॉक्टर की सलाह पर लिए जाते हैं, तो मल्टीविटामिन कई लोगों के लिए फायदेमंद साबित हो सकते हैं, खासकर पोषण की कमी वाले मामलों में. इसलिए, अपनी रोज़ाना की दिनचर्या में मल्टीविटामिन शामिल करने से पहले, अपने खान-पान, जीवनशैली और खास जरूरतों का आकलन करना जरूरी है.
किसे लेना चाहिए मल्टीविटामिन?
कुछ लोगों को मल्टीविटामिन की ज्यादा जरूरत हो सकती है. उदाहरण के लिए, जिन लोगों का खान-पान संतुलित नहीं है, या जो बहुत कम मात्रा में पौष्टिक भोजन लेते हैं, उन्हें विटामिन की कमी का खतरा हो सकता है. इसके अलावा, डॉक्टर बुज़ुर्गों, गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं और कुछ खास बीमारियों से पीड़ित लोगों को भी मल्टीविटामिन लेने की सलाह दे सकते हैं.
डॉक्टर से सलाह लें
अक्सर, डॉक्टर सप्लीमेंट्स लेने की सलाह तब देते हैं, जब शरीर में लंबे समय तक रहने वाली थकान, कमजोरी या पोषक तत्वों की कमी जैसे लक्षण दिखाई देने लगते हैं. हालांकि, चूंकि हर व्यक्ति की जरूरतें अलग-अलग होती हैं, इसलिए मल्टीविटामिन्स लेना शुरू करने से पहले डॉक्टर से सलाह लेना उचित माना जाता है.
जरूरी पोषक तत्व प्राकृतिक भोजन से लें
मल्टीविटामिन हमेशा संतुलित आहार का विकल्प नहीं है. सबसे अच्छा तरीका यह है कि जरूरी पोषक तत्व प्राकृतिक भोजन से ही प्राप्त किए जाएं. फल, हरी सब्ज़ियां, साबुत अनाज, दालें और दूध जैसी चीजे शरीर को कई जरूरी विटामिन और खनिज प्रदान करती हैं. इसके अलावा, किसी भी सप्लीमेंट को लंबे समय तक लेने से पहले डॉक्टर से जरूर करें. मल्टीविटामिन को तभी सुरक्षित माना जाता है, जब उन्हें सही मात्रा में और सही समय पर लिया जाए.
डिस्क्लेमर: यह लेख सिर्फ सामान्य जानकारी के लिए है. किसी भी तरह का सलाह चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है. अधिक जानकारी के लिए डॉक्टर या एक्सपर्ट से सलाह लें.