Disadvantages Of Tight Jeans: आज फैशन का क्रेज युवाओं के सिर चढ़कर बोल रहा है. आज यह इतना जरूरी हो गया है कि इसके बिना बाहर निकलना मानो अधूरा सा हो. असल में इसका असर सेहत पर अधिक देखा जाता है. इसीलिए कहा जाता है कि, इस दौर में अगर किसी चीज की गारंटी नहीं है तो वो है आपकी सेहत. हालांकि, यहां फैशन से हमारा मतलब मेकअप से नहीं, बल्कि आउटफिट से है. लोग इतने टाइट कपड़े पहनने लगे हैं कि शरीर का ब्लड फ्लो भी ठीक से नहीं हो पाता है. खासतौर से टाइट जींस पहनने का शौक. आजकल लड़का-लड़कियों का ज्यादातर समय टाइट जींस को पहनने के साथ ही बीत रहा है. हालांकि, इस फैशन को लड़कों की तुलना में लड़कियां अधिक फॉलो करती हैं. चाहें उन्हें ऑफिस जाना हो, कॉलेज जाना हो या फिर कहीं बाहर घूमने. लेकिन अगर जींस का सही चुनाव न किया जाए तो इसका असर आपकी हेल्थ पर पड़ सकता है.
टाइट जींस के नुकसान महिला और पुरुष दोनों की सेहत पर देखे गए हैं. जहां इसका एक प्रभाव बॉडी पेन पड़ा है, वहीं महिलाओं की वेजाइनल हेल्थ पर भी असर देखा जा रहा है. हालांकि, हम आपको डरा नहीं रहे, बल्कि टाइट जींस से होने वाले कुछ नुकसान की जानकारी दे रहे हैं. टाइट जींस पहनने के नुकसान क्या हैं? आज हम यही बताने की कोशिश करेंगे-
टाइट जींस पहनने से होने वाले नुकसान
- टाइट जींस पहनने से न सिर्फ आपकी नसों पर दबाव पड़ता है, बल्कि आपकी त्वचा पर भी संक्रमण का खतरा रहता है. कई लोगों को इसकी वजह से स्किन पर सूजन, चकत्ते जैसी परेशानियां हो सकती हैं. लंबे समय तक टाइट जींस पहनने से जांघों में ब्लड सर्कुलेशन भी बिगड़ सकता है. जांघ के एरिया के आसपास रैशेज का खतरा भी रहता है.
- टाइट जींस के नुकसान महिल और पुरुष दोनों को होते हैं. बता दें कि, इस तरह की जींस पहनने से पेट के निचले हिस्से पर अधिक दबाव पड़ता है, जिससे ब्लड सर्कुलेशन धीमा हो सकता है. इसके चलते पेट पर ही नहीं, बल्कि कूल्हे के जोड़ों पर भी असर पड़ता है. इसके लिए जरूरी है कि बहुत टाइट जीन्स पहनने से बचें.
- टाइट जींस किसी के लिए भी नुकसानदायक हो सकती है. इस तरह का जींस पहनने से कई तरह की परेशानियों में पड़ सकते हैं. इन परेशानियों का एक कारण कमर दर्द भी है. बता दें कि, टाइट जींस पहनने की वजह से हिप ज्वाइंट, रीड की हड्डी पर नकारात्मक प्रभाव पड़ने का खतरा रहता है. इससे आपको उठने-बैठने में परेशानी हो सकती है.
- टाइट जींस लगातार पहने रहने से पेट के निचले हिस्से और कमर की मांसपेशियां धीरे-धीरे कमजोरी के दल-दल में धसने लगती हैं. बता दें कि, जब आप टाइट जींस पहनते हैं, तो इसकी चिपकन इतनी तेज होती है कि यह हड्डियों और जोड़ों के मूवमेंट में भी दिक्कत पैदा कर देती है. इससे पीठ और कमर के अलावा पैरों में भी दर्द होने लगता है.
टाइट जींस पहनने से लड़कियों को नुकसान
- गायनेकोलॉजिस्ट डॉ. मीरा पाठक के मुताबिक, टाइट जींस के कारण एयर फ्लो रुक जाता है और नमी फंस जाती है, जिससे बैक्टीरिया और फंगस बढ़ जाते हैं. वजाइनल खुद को स्वस्थ रखने के लिए एक आदर्श पीएच संतुलन बनाए रखती है. टाइट कपड़े पहनने से पीएच लेवल गड़बड़ा जाता है. इससे हानिकारक बैक्टीरिया और फंगस पनपने लगते हैं. इसलिए वेजाइनल हेल्थ को नुकसान न पहुंचे इसके लिए कॉटन या फिर अन्य कोई ब्रीथेबल कपड़ों का चयन करना चाहिए.
- टाइट जींस पहनना कई महिलाओं में कम उम्र में ही गर्भाशय संक्रमण का कारण बन सकता है. बता दें कि, इसकी एक बड़ी खामी यह है कि शुरुआती दौर में महिलाओं को इस संक्रमण के बारे में पता नहीं चल पाता है. यदि गर्भाशय के संक्रमण का इलाज समय पर नहीं हो पाया तो इससे बाद में महिलाओं को मां बनने में दिक्कत आ सकती है. इसके लिए बेहतर है थोड़ी ढीली जींस पहनें.