Vomitting Home Remedies: गर्मियों के मौसम में थोड़ा सा भी खानपान बिगड़ जाए, तो पेट खराब हो सकता है. इसके कारण दस्त, जी मिचलाना और उल्टी जैसी समस्या हो सकती हैं. गर्मियों में कई बार अचानक से जी मिचलाने लगता है या उल्टियां होने लगती हैं. ऐसे में लोग छोटी-मोटी परेशानी के लिए डॉक्टर के पास जाना पसंद नहीं करते और वे घरेलू नुस्खे अपनाने की कोशिश करते हैं हालांकि एक्सपर्ट्स का मानना है कि कुछ घरेलू नुस्खे पेट को राहत देकर उल्टी और जी मिचलाने में राहत देती हैं.
अचानक उल्टी शुरू होने पर सबसे पहले शांत बैठें या सीधे लेट जाएं. थोड़ा आगे की तरफ झुकें और पेट को आराम देने की कोशिश करें. एक्सपर्ट्स की मानें, तो उल्टी के तुरंत बाद पानी न पिएं. थोड़े मिनट रुकें और फिर पानी पिएं. कोई भी ठोस चीज न खाएं. उल्टी होने के थोड़ी देर बाद ओआरएस या नारियल पानी पीना चाहिए. इसे भी थोड़े-थोड़े घूंट से पीना चाहिए.
एक्सपर्ट बताते हैं ये फर्स्ट एड टिप्स
इस बारे में डॉक्टर साकिब अली से बात की गई, तो उन्होंने बताया कि उल्टी के तुरंत बाद बैठ या लेट जाएं. लेटते समय सिर को थोड़़ा ऊपर रखें, जिससे घबराहट कम होगी. उन्होंने बताया कि उल्टी आने से शरीर में पानी की कमी यानी डिहाइड्रेशन हो जाता है. इसकी पूर्ति के लिए नारियल पानी या ओआरएस का घोल पीना चाहिए. छोटे-छोटो घूंट में इसका सेवन करें. अगर ओआरएस या नारियल पानी मौजूद-नहीं है, तो नींबू, नमक और चीनी का पानी भी फायदेमं होता है. उल्टी बंद होने के कुछ घंटों बाद तक कोई भी ठोस चीजें न खाएं. अगर आपको भूख लगती है, तो केला, खिचड़ी या सेब खाना फायदेमंद हो सकता है. एक्सपर्ट्स का मानना है कि अगर आपको इन रेमेडीज से राहत नहीं मिलती है, तो आपको फटाफट डॉक्टर के पास जाना चाहिए और मेडिकल हेल्प लेनी चाहिए.
अपनाएं ये घरेलू नुस्खे
- अगर आपको अचानक उल्टी होने लगें, तो अदरक का छोटा सा टुकड़ा फायदेमंद हो सकता है. आप इसका जूस निकालकर पी सकते हैं या उस अदरक के टुकड़े को चबाकर खा सकते हैं.
- नींबू के रस में काला नमक मिलाकर उसका पानी पीना चाहिए. नींबू की महक और उसका स्वाद जी मिचलाने से राहत दिलाता है.
- इसके अलावा आप पुदीने की पत्तियां चबा सकते हैं या उनका रस निकालकर पी सकते हैं. इससे पेट को शांति मिलती है.
- दादी और नानी के नुस्खों की बात करें, तो जीरा और हींग उल्टी के लिए काफी फायदेमंद होती हैं. जीरा पाउडर और हींग मिलाकर पानी के साथ पीने से पाचन में सुधार होता है और उल्टी में राहत मिलती है.
नोट: ये आर्टिकल केवल जानकारी के लिए है और यह प्रोफेशनल सलाह का विकल्प नहीं है. मार्गदर्शन के लिए हमेशा किसी योग्य विशेषज्ञ से सलाह लें. इंडिया न्यूज किसी भी परेशानी में जिम्मेदारी नहीं लेता है.