Mouth ulcers sign: अक्सर देखा होगा कि, मुंह में सफेद छोटे-बड़े छाले हो जाते हैं. ये छाले आमतौर पर जीभ, होंठों और गाल के अंदर की तरफ होते हैं. अंग्रेजी में छालों को ब्लिस्टर्स कहा जाता है. ये इतने दर्दनाक होते हैं कि खाना तो दूर पानी पीने तक में मुश्किल पैदा कर देते हैं. आमतौर पर यही माना जाता है कि, ये सफेद छाले पेट की गर्मी, विटामिन की कमी, मसालेदार या बहुत गरम भोजन, मुंह की सफाई की कमी या बार-बार जीभ कट जाने आदि से होते हैं. लेकिन, आपको जानकर हैरानी होगी कि, तनाव और हॉर्मोनल बदलाव के कारण भी ये छाले हो सकते हैं. हेल्थ एक्सपर्ट कहते है कि, ये छाले वैसे तो 2 से 3 दिन खुद ब खुद ठीक हो जाते हैं, लेकिन अगर ये परेशानी बढ़ती है या बार-बार होती है तो यह किसी बीमारी का भी संकेत हो सकता है. इसलिए इसे नजरअंदाज करना सही नहीं है और समय पर कारण समझना जरूरी है. अब सवाल है कि आखिर शरीर में किन विटामिन की कमी से जीभ पर छाले होते हैं? जीभ पर छाले होना किन बीमारियों का संकेत? जीभ के छालों से कैसे करें बचाव? इस बारे में बता रहे हैं नोएडा के इंटीग्रेटेड चिकित्सक संजय वार्ष्णेय-
किन पोषक तत्वों की कमी से होते जीभ पर छाले?
हेल्थ एक्सपर्ट के मुताबिक, पोषक तत्वों की कमी जैसे जिंक, आयरन, विटामिन बी12 शरीर में कम होने से मुंह में छाले हो सकते हैं. ऐसे में इनसे भरपूर खाद्य पदार्थों का सेवन करें. मुंह का गंदा रहना, बैक्टीरिया, कोई बीमारी भी इसका कारण हो सकती है.
जीभ पर छाले इन बीमारियों का संकेत?
जीभ पर बार-बार या लंबे समय तक बने रहने वाले छाले शरीर में किसी अंदरूनी गड़बड़ी की ओर इशारा कर सकते हैं. यह पाचन तंत्र की समस्या, कमजोर इम्यूनिटी या पोषक तत्वों की कमी से जुड़ा हो सकता है. कई बार यह शरीर में इंफेक्शन या एलर्जी का संकेत भी देते हैं.
जीभ के छाले कब हो सकते खतरनाक?
अगर छालों के साथ दर्द ज्यादा हो, खून आए या घाव ठीक न हो, तो यह गंभीर स्थिति का संकेत हो सकता है. कुछ मामलों में यह मुंह की सफाई की कमी या बैक्टीरियल इंफेक्शन के कारण भी होते हैं. लगातार छाले रहना शरीर की कमजोरी या किसी पुरानी समस्या की ओर भी इशारा कर सकता है. इसलिए बार-बार होने वाले छालों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए.
डॉक्टर से कब मिलना चाहिए?
अगर जीभ के छाले 10 से 15 दिनों में ठीक न हों या बार-बार हो रहे हों, तो डॉक्टर से जरूर मिलें. छालों के साथ तेज दर्द, सूजन, बुखार या खून आना गंभीर संकेत हो सकता है. अगर खाने-पीने में दिक्कत हो रही हो या वजन कम हो रहा हो, तो इसे नजरअंदाज न करें. लंबे समय तक रहने वाले छाले किसी बड़ी समस्या का संकेत हो सकते हैं, इसलिए समय पर जांच और सही इलाज जरूरी है.
मुंह के छाले ठीक करने के उपाय
- आप गुनगुना पानी एक गिलास लें. इसमें थोड़ा सा नमक डालकर कुल्ला करें. इससे दर्द और जलन कम हो सकता है.
- बेकिंग सोडा भी छाले की समस्या कम करता है. इसके लिए पानी में बेकिंड सोडा थोड़ा सा डालकर पेस्ट बनाएं. प्रभावित जगह पर ये पेस्ट लगाएं. 1-2 मिनट छोड़ दें और फिर साफ पानी से कुल्ला कर लें. इससे मुंह के अंदर PH लेवल बैलेंस होगा. जलन, दर्द, सूजन से राहत मिलेगी.
- आप छालों पर रेगुलर नारियल तेल लगाएं, इससे भी दर्द और जलन में आराम मिलता है.
- मुंह में हुए छालों पर आप शहद भी लगा सकते हैं. इसमें मौजूद एंटीबैक्टीरियल गुण छालों को कम करने में फायदेमंद साबित हो सकते हैं.
- आपके घर में एलोवेरा का पौधा है तो आप इसके जेल को निकाल लें और डायरेक्ट मुंह के छालों पर लगाएं. एलोवेरा गुण में ठंडा होता है, जो छालों में होने वाले जलन को शांत करता है.
- कई बार शरीर में विटामिन सी की कमी होने से भी मुंह के छाले होने लगते हैं. ये इम्यूनिटी को मजबूत बनाते हैं. ऐसे में आप खट्टे फलों का सेवन अधिक करें.