Crime News: ओड़िशा के कंधमाल जिले के गोछापडा थाना क्षेत्र के कटापंगा इलाके में मंगलवार एक सनसनीखेज घटना सामने आई. यहां एक व्यक्ति ने पहले एक युवक पर देसी बंदूक से गोली चला दी और बाद में अपनी पत्नी की बेरहमी से पिटाई कर हत्या कर दी. पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान बिरंचि बेहरा के रूप में हुई है. मृतिका लिली बेहरा (33) उसकी पत्नी थी, जबकि घायल व्यक्ति नरोत्तम बेहरा कटापंगा गांव का निवासी था.
प्राथमिक जानकारी के मुताबिक, बिरंची बेहरा पिछले लगभग एक साल से अपनी पत्नी से अलग रह रहा था. उसे शक था कि उसकी पत्नी का नरोत्तम बेहरा के साथ अवैध संबंध है. 8 मार्च को लिली बेहरा अपने ससुराल कटापंगा गांव आई थी. इसी दौरान आरोपी ने उसे नरोत्तम के साथ बातचीत करते देख लिया, जिसके बाद विवाद और बढ़ गया.
शक के आधार पर मर्डर
बताया जा रहा है कि आरोपी ने सुबेरिपंगा रोड के पास नरोत्तम बेहरा पर देसी बंदूक (थेसा गन) से गोली चला दी. गोली उसके दाहिने जांघ और कूल्हे में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. इसके बाद आरोपी घर लौट आया और अपनी पत्नी लिली बेहरा पर हमला कर दिया. उसने उसे लगातार मुक्कों और लातों से पीटा, जिससे वह जमीन पर गिर पड़ी. मारपीट के दौरान ईंट के टुकड़ों से उसके सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं.
पत्नी की मौत
घटना के बाद दोनों घायलों को तुरंत इलाज के लिए फुलबाणी स्थित जिला मुख्यालय अस्पताल ले जाया गया. वहां डॉक्टरों ने लिली बेहरा को मृत घोषित कर दिया, जबकि नरोत्तम बेहरा का इलाज जारी है. पुलिस ने मौके से वारदात में इस्तेमाल की गई देसी बंदूक को जब्त कर लिया है और आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. गोछापडा थाना में भारतीय न्याय संहिता के तहत केस दर्ज किया गया, जिसकी जांच चल रही है. मामले में हत्या, हत्या के प्रयास और अवैध हथियार रखने सहित विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है. इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है.