India News (इंडिया न्यूज),Aaj ka Mausam: दिल्ली के साथ-साथ एनसीआर के कई इलाकों में भीषण गर्मी पड़ रही है। सोमवार को भी दिल्ली में कई जगहों पर भीषण गर्मी का प्रकोप देखने को मिला। सोमवार को दिल्ली में इस सीजन का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया। दिल्ली के रिज और आयानगर इलाके में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विज्ञानियों के अनुसार, दिल्ली में साल 2022 के बाद अप्रैल महीने में भीषण गर्मी का प्रकोप देखने को मिला।
भीषण गर्मी का अलर्ट
IMD ने अगले दो दिनों के दौरान मौसम के कमोबेश ऐसे ही रहने का अनुमान जताया है। मौसम विभाग ने 8 और 9 अप्रैल को दिल्ली में भीषण गर्मी का येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग का अनुमान है कि 8 और 9 अप्रैल को भी दिल्ली में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी रह सकता है।
42 डिग्री तक जाएगा तापमान
इन दोनों दिनों में अधिकतम तापमान 40 से 42 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान 21 से 24 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है। इसको लेकर मौसम विभाग ने भी येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग का कहना है कि तेज धूप और साफ आसमान के कारण दिल्ली के साथ-साथ एनसीआर इलाकों में भी तापमान में तेजी से बढ़ोतरी होगी।
बढ़ेगी गर्मी
मौसम विभाग का अनुमान है कि मंगलवार सुबह से ही तेज धूप निकलेगी। आसमान में बादल न होने के कारण दिन चढ़ने के साथ गर्मी बढ़ती जाएगी। मंगलवार को दिल्ली एनसीआर में लू की स्थिति देखने को मिल सकती है।
क्या है वजह?
मौसम विज्ञानियों का कहना है कि दिल्ली एनसीआर इलाकों में काफी समय से अच्छी बारिश नहीं हुई है। इस कारण वातावरण में नमी नहीं है। इतना ही नहीं, इस समय सिंध और बलूचिस्तान की ओर से आने वाली गर्म रेगिस्तानी हवाएं भी तापमान बढ़ाने में मदद कर रही हैं।
40 की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
मौसम विभाग के मुताबिक 8 अप्रैल से एक नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है। इसका असर दिल्ली एनसीआर के इलाकों पर हल्का देखने को मिल सकता है। दिल्ली के साथ-साथ एनसीआर के शहरों में 10 अप्रैल को मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने 10 अप्रैल को दिल्ली एनसीआर के इलाकों में छिटपुट हल्के बादल छाए रहने और बिजली चमकने के साथ आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक देखने को मिल सकती है।
11, 12 और 13 को राहत के आसार
आईएमडी के मुताबिक मौसम में आए इस बदलाव की वजह से दिल्ली एनसीआर के तापमान में मामूली गिरावट देखने को मिलेगी। इससे लोगों को लू से भी राहत मिलेगी। मौसम विभाग ने 11, 12 और 13 अप्रैल को दिल्ली में आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान जताया है। 12 अप्रैल को हवा की रफ्तार 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है। दिल्ली में 11, 12 और 13 अप्रैल को अधिकतम तापमान 37 से 39 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। दिल्ली में 12 और 13 अप्रैल को न्यूनतम तापमान 18 से 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा सकता है।