Ashok Kharat Case: नासिक (महाराष्ट्र) के स्वयंभू बाबा अशोक खरात फिलहाल जेल में बंद है. उस पर झांसा देकर 50 से अधिक महिलाओं के साथ दुष्कर्म करने का आरोप लगा है. स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) की जांच में रोजाना नए-नए खुलासे हो रहे हैं. आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, अब तक अशोक खरात के खिलाफ 10 मामले दर्ज किए जा चुके हैं, जिनमें से 8 दुष्कर्म से जुड़े हैं. दुष्कर्म की शिकार ज्यादातर महिलाएं संपन्न घराने से हैं. पढ़ी-लिखी होने के बावजूद वह शातिर अशोक खरात के संपर्क में आईं. इस दौरान बहाने, झांसे और भय दिखाकर अशोक खरात ने दुष्कर्म किया.
टाइम्स ऑफ इंडिया के मुताबिक, महिलाओं से दुष्कर्म के मामले में मजिस्ट्रेट कोर्ट ने नासिक के ज्योतिषी अशोक खरात की पुलिस हिरासत 1 अप्रैल तक बढ़ाई है. अब तक की जांच में सामने आया है कि कथित ज्योतिषी ने महिलाओं को डराने के लिए प्लास्टिक के सांपों, बाघ की खाल जैसे कपड़े और गुप्त प्रॉप्स का इस्तेमाल किया था. इनकी मदद से उसने घर में नकली सेटअप बनाया. पहली नजर में यह सब बहुत ही डरावना लगता है.
सूत्रों के मुताबिक, प्लास्टिक के सांपों, बाघ की खाल जैसे कपड़े और छिपे हुए प्रॉप्स का इस्तेमाल करके बनाए गए नकली सेटअप से वह महिलाओं को डराता था. यह भी जानकारी सामने आई है कि उसने केबिन में ऐसे कांच लगाए गए थे, जिससे बाहर से अंदर का कुछ दिखाई नहीं पड़ता था. इसके साथ ही ऐसा इंतजाम किया था, जिससे अशोक खरात अंदर से बाहर का नजारा साफ-साफ देखता था. म
करता था ब्लैकमेल
अशोक खतार पर महिलाओं से दुष्कर्म, यौन उत्पीड़न और ब्लैकमेल करने का आरोप है. कथित तौर पर ज्योतिषी अशोक खरात आध्यात्मिक मार्गदर्शन देने के बहाने महिलाओं को अपना निशाना बनाता था. कहा जाता है कि वह महिलाओं को डराता था कि अगर उन्होंने उसके साथ संबंध नहीं बनाए तो पति की मौत, दुर्घटना या फिर बच्चों के साथ बुरा हो सकता है. पुलिस के पास उनके खिलाफ कई FIR दर्ज हैं और जांच जारी रहने तक वे हिरासत में है.
एक दौर में कहलाता था ‘कप्तान’
मर्चेंट नेवी में अपने करियर की वजह से अशोक खरात को अक्सर ‘कैप्टन’ कहा जाता है. मिली जानकारी के अनुसार, अशोक खरात ने मिरगांव में श्री ईशानश्वर महादेव मंदिर ट्रस्ट का नेतृत्व किया, जिससे स्थानीय राजनीति और समाज में उनका काफी दबदबा बन गया था. धीरे-धीरे उसकी पहुंच विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं से हो गई.