India News (इंडिया न्यूज़), Aurangzeb Row, महाराष्ट्र: औरंगजेब को लेकर महाराष्ट्र में जारी बवाल थमने का नाम नहीं ले रहा है। राज्य में कोल्हापुर समेत कई जगहों पर तनाव देखा जा सकता है। इस मामले को लेकर अब राजनीति भी शुरू हो गई है। राज्य के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का इसे लेकर एक बयान सामने आया है। फडणवीस ने कहा कि औरंगजेब को इस देश के मुसलमानों ने कभी स्वीकार नहीं किया है।
“मुसलमान ने औरंगजेब को कभी नहीं स्वीकारा”
डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस ने औरंगजेब विवाद पर कहा, “हमारे राजा केवल छत्रपति शिवाजी महाराज हैं। हमारे पास दूसरा राजा नहीं हो सकता। इस देश का मुसलमान जिसके पास राष्ट्रीय विचार हैं। उसने औरंगजेब को कभी स्वीकार नहीं किया। वो केवल छत्रपति शिवाजी महाराज का सम्मान करते हैं।”
VBA पर साधा जमकर निशाना
देवेंद्र फडणवीस ने इस दौरान औरंगाबाद जिले में औरंगजेब के मकबरे पर जाने के लिए वंचित बहुजन आघाड़ी (VBA) के चीफ प्रकाश आंबेडकर पर भी जमकर निशाना साधा है। साथ ही शिवसेना के अध्यक्ष उद्धव ठाकरे से इसे लेकर सवाल पूछा कि क्या उनका कदम उन्हें मंजूर है। इस साल की शुरुआत में ठाकरे और आंबेडकर के दलों ने गठबंधन किया था।
प्रकाश आंबेडकर से किया ये सवाल
बता दें कि केंद्र में मोदी सरकार के 9 साल पूरे होने के मौके पर फडणवीस ने अकोला में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा, “अकोला, संभाजीनगर और कोल्हापुर में जो हुआ वह संयोग नहीं, बल्कि प्रयोग था। राज्य में औरंगजेब के इतने हमदर्द कैसे आ गए? औरंगजेब हमारा नेता कैसे हो सकता है?” वहीं औरंगजेब के मकबरे पर जाने को लेकर देवेंद्र फडणवीस ने प्रकाश आंबेडकर पर निशाना साधते हुए सवाल किया कि ऐसा करने की क्या जरूरत थी।
Also Read: साक्षी मलिक के दावों को नाबालिग खिलाड़ी के पिता ने बताया झूठा, कहा- ‘नहीं मिली कोई धमकी’