Cigarette vs Beedi Harmful Effects: बीड़ी-सिगरेट, तंबाकू या शराब जैसे नशीले पदार्थ सेहत के लिए हानिकारक हैं. डॉक्टर इनके सेवन की सलाह नहीं देते हैं. इसके बाद भी लोग इनका खूब सेवन करते हैं. बीड़ी और सिगरेट का चलन ज्यादा है. ये किसी भी जगह आसानी से उपलब्ध होने वाली नशीली चीजें हैं. आज स्थिति यह है कि, देश में लाखों-करोड़ों लोग स्मोकिंग के आदी हो चुके हैं. इनमें कुछ बीड़ी पीते हैं, तो कुछ लोग सिगरेट. बता दें कि, बीड़ी और सिगरेट दोनों ही स्मोकिंग प्रोडक्ट हैं, जिनका लोग इस्तेमाल करते हैं. लेकिन, इन दोनों चीजों से जुड़ा एक सवाल अक्सर लोगों का होता है, कि सेहत के लिए बीड़ी ज्यादा नुकसानदायक है या फिर सिगरेट? हालांकि, बीड़ी पीने वाले सिगरेट को ज्यादा नुकसानदायक बताते हैं. वहीं, सिगरेट पीने वाले बीड़ी को. वैसे तो ये दोनों ही सेहत के लिए ठीक नहीं हैं. फिर भी, डॉक्टर क्या कहते हैं इसपर ध्यान जरूर देना चाहिए. अब सवाल है कि बीड़ी और सिगरेट में शरीर के लिए ज्यादा खतरनाक कौन है? इस बारे में पल्मोनोलॉजिस्ट से जानने की कोशिश करते हैं-
बजट में भी बीड़ी और सिगरेट पर चर्चा
बता दें कि, बजट 2026 में भी बीड़ी और सिगरेट पर चर्चा हुई, जिसमें बीड़ी के दाम कम किए गए थे. इससे भी लोग सेहत को होने वाले नुकसान का आंकलन कर रहे हैं. बता दें कि, सरकार ने सिगरेट और तंबाकू जैसे हानिकारक उत्पादों पर जीएसटी बढ़ाकर 40% कर दिया है. वहीं बीड़ी पर जीएसटी घटाकर 18% की स्लैब में डाल दिया गया है. बीड़ी बनाने में इस्तेमाल होने वाले तेंदू पत्ते पर जीएसटी 18% से घटाकर 5% कर दिया गया है. यानी तस्वीर साफ है-बीड़ी तो सस्ती हो गई, लेकिन सिगरेट और तंबाकू महंगे होने जा रहे हैं.
कैसे तैयार होती है बीड़ी और सिगरेट
दिल्ली के पल्मोनोलॉजिस्ट डॉ. भगवान मंत्री कहते हैं कि, बीड़ी और सिगरेट दोनों का इस्तेमाल सेहत के लिए बेहद खतरनाक होता है. जहां, बीड़ी पत्तियों से बनाकर उसमें तंबाकू और कुछ अन्य पदार्थ भरे जाते हैं. वहीं, सिगरेट में तंबाकू को कागज की परत में लपेटा जाता है और इसमें कई अन्य रसायन और प्रिजर्वेटिव्स भी होते हैं. सिगरेट को मशीन से तैयार किया जाता है, जबकि बीड़ी को हाथों से तैयार किया जाता है. दोनों ही उत्पादों में तंबाकू और अन्य खतरनाक तत्व होते हैं, जो स्वास्थ्य को गंभीर नुकसान पहुंचाते हैं. खासकर फेफड़ों के लिए इन चीजों को ज्यादा घातक माना जाता है.
बीड़ी और सिगरेट में अधिक नुकसादाय कौन
डॉक्टर कहते हैं कि बीड़ी और सिगरेट दोनों ही नुकसानदायक हैं. फिर भी अगर दोनों की तुलना करें तो बीड़ी अधिक हानिकारक है. क्योंकि, बीड़ी का धुआं सिगरेट के धुएं की तुलना में ज्यादा जहरीला होता है. बता दें कि, बीड़ी में मौजूद तंबाकू और अन्य हानिकारक तत्व जब जलते हैं, तो धुएं में घुल जाते हैं, जिससे कार्सिनोजिक यानी कैंसर पैदा करने वाले तत्वों की मात्रा अधिक हो जाती है. इसके चलते फेफड़ों का कैंसर, मुंह का कैंसर और गले का कैंसर जैसी गंभीर बीमारियां हो सकती हैं. वहीं, सिगरेट के धुएं में भी हानिकारक रसायन होते हैं, जो कैंसर, दिल की बीमारियों और फेफड़ों की समस्याओं को जन्म दे सकते हैं. कई रिसर्च बताते हैं कि, 1 बीड़ी को 2 सिगरेट के बराबर खतरनाक बताया गया है.
निकोटीन बीड़ी में ज्यादा कैसे
डॉ. भगवान मंत्री बताते हैं कि, दोनों ही स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हैं, लेकिन बीड़ी शरीर में अधिक निकोटीन और मोनोऑक्साइड पैदा करती है क्योंकि इसका धुआं गाढ़ा होता है. सिगरेट पीने के लिए भी अधिक ऊर्जा की आवश्यकता होती है, जिससे फेफड़ों पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है, जिससे धुआं खून में मिल जाता है.