CBSE Board Exam 2026 News: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने स्पष्ट किया है कि कक्षा 10वीं के विद्यार्थियों के लिए पहली बोर्ड परीक्षा में शामिल होना अनिवार्य है और जो विद्यार्थी पहले चरण में कम से कम तीन विषयों में उपस्थित नहीं होते हैं, उन्हें ‘अनिवार्य पुनरावृत्ति’ श्रेणी में रखा जायेगा. बोर्ड की ओर से यह स्पष्टीकरण कुछ अनुरोध प्राप्त होने के बाद आया है, जिसमें कहा गया था कि कुछ कारणों से कक्षा 10वीं के विद्यार्थी पहली बोर्ड परीक्षा में शामिल नहीं हो पाएंगे, इसलिए उन्हें दूसरी बोर्ड परीक्षा में बैठने की अनुमति दी जानी चाहिए.
सीबीएसई की ओर से एक नोटिस जारी किया गया, जिसमें कहा गया कि सभी स्टूडेंट्स के लिए पहली क्लास 10 बोर्ड परीक्षा में शामिल होना जरूरी है और पहली परीक्षा में तीन या उससे ज्यादा सब्जेक्ट मिस करने पर वे दूसरी परीक्षा के लिए अयोग्य हो जाएंगे. पहली परीक्षा में शामिल होना जरूरी है.
परीक्षा नियंत्रक ने क्या कुछ बताया?
सीबीएसई के परीक्षा नियंत्रक संयम भारद्वाज ने कहा कि सभी छात्रों के लिए पहली बोर्ड परीक्षा में उपस्थित होना अनिवार्य है. सभी उत्तीर्ण और पात्र विद्यार्थियों को विज्ञान, गणित, सामाजिक विज्ञान और भाषाओं में से किसी भी तीन विषयों में अपने प्रदर्शन को बेहतर बनाने की अनुमति दी जायेगी.
संयम भारद्वाज ने कहा कि यदि कोई छात्र पहली परीक्षा में तीन या अधिक विषयों में उपस्थित नहीं हुआ है, तो उसे दूसरी परीक्षा में बैठने की अनुमति नहीं दी जाएगी. ऐसे विद्यार्थियों को ‘अनिवार्य पुनरावृत्ति’ श्रेणी में रखा जायेगा और वे अगले साल फरवरी में आयोजित होने वाली मुख्य परीक्षाओं में ही परीक्षा दे सकेंगे.
CBSE has announced that appearing in the first Class 10 Board Examination is mandatory for all students, and missing three or more subjects in the first exam will make them ineligible for the second examination. First examination attendance is compulsory: CBSE pic.twitter.com/momauZVB7D
— ANI (@ANI) February 16, 2026
कौन दे सकता है दूसरी परीक्षा?
- वह छात्र जो पास हो चुके हैं, वे विज्ञान, गणित, सामाजिक विज्ञान और भाषाओं जैसे 3 विषयों में अपने नंबर सुधारने के लिए परीक्षा दे सकते हैं.
- जिन छात्रों को पहली परीक्षा में कंपार्टमेंट मिली है, वे दूसरी परीक्षा में शामिल हो सकते हैं.
- वे छात्र जो सब्जेक्ट रिप्लेसमेंट के जरिए पास हुए हैं, वे भी नंबर बढ़ाने के लिए परीक्षा दे सकते हैं.
17 फरवरी से है 10वीं की परीक्षा
2026 से सीबीएसई कक्षा 10वीं के लिए दो बोर्ड परीक्षाएं शुरू करने जा रहा है. कक्षा 10वीं की परीक्षा 17 फरवरी से शुरू होकर 11 मार्च 2026 को समाप्त होगी. वहीं 12वीं की परीक्षा 17 फरवरी से शुरू होकर 10 अप्रैल तक होगी.
परीक्षा सुबह 10 बजकर 30 मिनट से प्रारंभ होगी. छात्रों को ठीक 10 बजे एग्जाम हॉल में पहुंचना होगा. यहां स्टूडेंट्स को ठीक 10:15 पर प्रश्नपत्र आवंटित कर दिए जाएंगे. परीक्षा केंद्र के अंदर मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ, ईयरफोन, कैलकुलेटर या कोई भी इलेक्ट्रॉनिक गैजेट ले जाने की मनाही है.