Nirmala Sitharaman defamation case: दिल्ली की एक अदालत ने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के खिलाफ दायर मानहानि की याचिका खारिज कर दी है. अदालत ने इस याचिका को ‘Floccinaucinihilipilification’ (फ्लोक्सिनोसिनिहिलिपिलिफिकेशन) का काम बताया और आगे की कार्यवाही शुरू करने से इनकार कर दिया. अदालत द्वारा इस्तेमाल किया गया यह खास शब्द अब हर जगह चर्चा का विषय बन गया है. यह अंग्रेजी का इतना कठिन शब्द है कि जो कोई भी इसे पहली बार बोलने की कोशिश करेगा, वह शायद अटक जाएगा। सबसे पहले हम बात करेंगे कि आखिर कोर्ट ने किस मामले में इस कठिन शब्द का इस्तेमाल किया है.
कोर्ट ने किस मामले में इस शब्द का इस्तेमाल किया?
दरअसल, शिकायत AAP नेता सोमनाथ भारती की पत्नी लिपिका मित्रा ने दायर की थी. उन्होंने आरोप लगाया था कि निर्मला सीतारमण ने 2024 के लोकसभा चुनावों से पहले हुई एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अपमानजनक टिप्पणियां की थीं. शिकायत के अनुसार ये टिप्पणियां टीवी चैनलों और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर बड़े पैमाने पर दिखाई गई थीं. ये टिप्पणियां खास तौर पर सोमनाथ भारती के वैवाहिक विवादों से जुड़ी थीं. इसके अलावा इन बयानों में घरेलू हिंसा के आरोपों के साथ-साथ एक पत्रकार से जुड़े पिछले कानूनी मामले का भी ज़िक्र किया गया था.
ET की एक रिपोर्ट के अनुसार, राउज़ एवेन्यू कोर्ट के अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट पारस दलाल ने पाया कि शिकायत आपराधिक मानहानि के लिए जरूरी मानकों को पूरा नहीं करती थी. अदालत ने कहा कि पेश किए गए सबूतों में पर्याप्त दम नहीं था और इसलिए इन आरोपों के आधार पर आगे की कानूनी कार्यवाही शुरू करना सही नहीं होगा. मजिस्ट्रेट ने टिप्पणी की कि एक छोटी या मामूली बात को बेवजह बहुत बड़ा बना दिया गया था और इसी दौरान कोर्ट ने अंग्रेजी के शब्द ‘Floccinaucinihilipilificationn’ का इस्तेमाल किया. अब आइए जानते हैं इस कठिन शब्द का मतलब क्या है और इसे आसानी से कैसे बोल सकते हैं.
‘फ्लोक्सिनोसिनिहिलिपिलिफिकेशन’ शब्द का क्या मतलब है?
‘Floccinaucinihilipilification’ शब्द का मतलब है किसी चीज को बेकार, तुच्छ या महत्वहीन समझना. यह अंग्रेजी डिक्शनरी के सबसे लंबे शब्दों में से एक है जिसमें 29 अक्षर हैं. भारत में इस शब्द को कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने काफी लोकप्रिय बनाया. यह शब्द चार लैटिन शब्दों को मिलाकर बना है. flocci+nauci+nihili+pili. इन सभी शब्दों का अलग-अलग मतलब है ‘बहुत कम कीमत का’ या ‘बिल्कुल कुछ भी नहीं’. अगर आपको भी इसे बोलने में दिक्कत हो रही है, तो इसे टुकड़ों में तोड़कर बोलने की कोशिश करें Flocci(फ्लोक्सि)-nauci(नोसि)-nihili(निहिलि)-pili(पिलि)-fication(फिकेशन).