India vs New Zealand World Cup 2026: टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और न्यूजीलैंड के फाइनल मैच का सभी को बेसब्री से इंतजार है. विश्वकप का यह फाइनल मैच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में रविवार को (08 मार्च) खेला जाएगा. दोनों टीमों में कई ऐसे धाकड़ खिलाड़ी शामिल हैं जो अकेले अपने दम पर मैच का रुख अपनी ओर मोड़ सकते हैं. भारतीय टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव की अगुवाई में कई खिलाड़ियों का धमाकेदार प्रदर्शन रहा है. भारत और न्यूजीलैंड के बीच मैच की दिवानगी लोगों के सिर चढ़कर बोल रही है. इन दोनों टीमों के मैच को लेकर न सिर्फ स्टेडियम बल्कि घरों के टीवी सेट तक लोगों का उत्साह देखने को मिलेगा. सामुद्रिक शास्त्र की गणना के अनुसार देखा जाए तो, वर्ल्ड कप में टीम इंडिया के प्रदर्शन पर ग्रह-नक्षत्रों का भी असर हो सकता है और खुशी की बात यह है कि टीम इंडिया पर इसका अनुकूल असर दिखाई दे रहा है.
रंग में संजू सैमसन की बल्लेबाजी
गाजियाबाद के ज्योतिषाचार्य राकेश चतुर्वेदी कहते हैं कि, सूर्यकुमार की कुंडली के मुताबिक उनके नेतृत्व में खेल रही टीम बेहतर प्रदर्शन कर रही है. अभी उनका समय ठीक चल रहा है. यही वजह है कि रविवार को खेले जाने वाले मैच में भारत का प्रदर्शन बेहतर रहने की संभावना है. बता दें कि, भारत की ओर से संजू सैमसन की बल्लेबाजी सिर चढ़कर बोल रही है. लेकिन, फाइनल वाले दिन संजू को राहु भ्रम देकर बहुत जल्दी कराने की कोशिश करेगा. इस दौरान उनको संभलने की जरूरत होगी. वहीं, न्यूजीलैंड से खेल रहे युवा ऑलराउंडर रचिन रवींद्र ने भी बल्लेबाजी में अपनी छाप छोड़ी है.
मैच का रुख मोड़ सकती जल्दबाजी
ज्योतिषाचार्य राकेश चतुर्वेदी कहते हैं कि, 8 मार्च को फाइनल मैच शुरू होने यानी शाम 7 बजे के समय से लग्न कुंडली देखें तो सिंह लग्न और लग्न में ही केतु और 7वें भाव में मंगल, राहु, सूर्य और बुध के चतुर्ग्रही योग बना हुआ रहेगा. अगर लग्न कुंडली के अनुसार देखा जाए तो यह मैच भारत के लिए कठिन हो सकता है. हालांकि, मैच शुरू होने के समय में कुछ ऊपर-नीचे हुआ था, परिणाम बदल भी सकता है. ज्योतिषाचार्य स्पष्ट करते हैं कि, यह गणना सामुद्रिक शास्त्र के अनुसार खिलाड़ियों के चेहरे और प्रभाव से उनके ग्रहों का आंकलन किया गया है.
सूर्य और तिलक पर मंगल का अच्छा प्रभाव
ज्योतिष गणना के अनुसार, भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव और तिलक वर्मा पर मंगल का प्रभाव है. इसलिए ये दोनों ही खिलाड़ी इस मैच में अच्छा प्रदर्शन करते दिख सकते हैं. वहीं, अक्षर पटेल अपने बल्ले और बॉल दोनों से बेहतर करते दिखेंगे.
पांड्या और बुमराह को बल देगा राहु
ज्योतिषाचार्य कहते हैं कि, अगर सामुद्रिक शास्त्र की गणना को देखा जाए तो, बुमराह को राहु बल देगा. हार्दिक पंड्या मंगल और राहु प्रभाव में एक बार फिर अपनी ताकत दिखाएंगे. किन्तु केतु भ्रमित करके उनको भी पिच पर जल्दबाजी करा सकता है.
फॉर्म में हैं कीवी प्लेयर रचिन रवींद्र
न्यूजीलैंड के अनुसार, अगर ग्रहों को देखें तो इनके खिलाड़ियों की तरफ से बेहतर करने का संकेत है. खासकर इनके स्पिनर डैरिल मिचेल और कप्तान मिचेल सेंटनेर का प्रभाव इस मैच में बेहतर करते दिख सकते हैं. जेम्स नीशम का शनि प्रभाव उनके लिए अच्छा नहीं होगा. कीवी टीम के युवा ऑलराउंडर रचिन रवींद्र की राशि तुला है. ऐसे में उनका मंगल उनका साथ दे सकता है. लेकिन उनकी राशि का स्वामी नीच होने से एहतियात की जरूरत होगी.
(Disclaimer: इस लेख में दी गई जानकारियों का हम यह दावा नहीं करते कि ये जानकारी पूर्णतया सत्य एवं सटीक है. यह जानकारी ज्योतिषाचार्य के द्वारा समुद्रिक शास्त्र की गणना के अनुसार है. इसलिए पाठकों से अनुरोध है कि इस लेख को अंतिम सत्य अथवा दावा न मानें. India News इसकी सत्यता का दावा नहीं करता है.)